- Hindi News
- जनता आई आगे, बिजली कर्मी भागे, पानी की किल्लत बरकरार
जनता आई आगे, बिजली कर्मी भागे, पानी की किल्लत बरकरार
भास्कर न्यूज - जींद/जुलाना/सफीदों
जिले में बिजली-पानी नहीं होने से इस समय चारों ओर हालात खराब हैं, ब्लैक आउट की स्थिति बनी है। आमजन परेशान है। लोगों के रोजमर्राह के काम नहीं हो रहे हैं और बिजली नहीं होने से पीने के पानी को भी लोग परेशान हैं।
ऐसे में जुलाना में लोगों का सब्र टूटा और बिजली सप्लाई के लिए खुद उन्होंने कमान संभाली। साथ ही अब प्रशासन ने भी सख्ती दिखाई है और बिजली निगम अधिकारियों की शिकायत पर कई हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। वहीं, दूसरी ओर कर्मचारी भी मांग पर अड़े हैं कि जब तक केस वापस नहीं होते बिजली सप्लाई नहीं की जाएगी। जलापूर्ति विभाग में जैसे-तैसे जनरेटर से कहीं-कहीं पानी सप्लाई दी गई। कोई हल नहीं निकलने से समस्या अभी और भी विकराल हो सकती है।
युवा संगठन के साथ जनता ने किया हड़ताल का विरोध
युवा संगठन के आह्वान पर बुधवार को आम जनता कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल के खिलाफ उठ खड़ी हुई। इस दौरान लोगों ने बुधवार सुबह ही बिजली घर पहुंचकर बिजली कर्मचारियों द्वारा की जा रही हड़ताल का विरोध किया। यह सब देख बिजली कर्मचारी मौके से भाग खड़े हुए। बाद में थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, डीएसपी आदर्शदीप, तहसीलदार दलीप सिंह खर्ब भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया। इसके बाद भी दिन भर लोग बिजली निगम कार्यालय पर डटे रहे और स्वयं ही बिजली की सप्लाई बहाल हो इसके लिए
कोशिश की। -पेज १८ भी देखें
शाम को सप्लाई चालू
युवा संगठन व ठेकेदार के वर्क रों की सहायता से बिजली निगम से सिर्फ जुलाना फीडर की सप्लाई शाम तक चालू हो पाई। अन्य फीडरों में भी बिजली सप्लाई बहाल हो सके इसके लिए देर शाम तक लोग लगे हुए थे।
नहीं घुसने देंगे कार्यालय में
इस दौरान युवा संगठन व आसपास के गांवों से जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने बिजली कर्मचारियों व सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान लोगों का कहना था कि वे गुरुवार को भी निगम कार्यालय में पहुंचेंगे ताकि सप्लाई अन्य फीडरों में भी चालू की जा सके ।
जनता से जुड़ी हैं मांगें : राठी
ऑल हरियाणा पावर कॉर्पोरेशन वर्कर्स यूनियन के राज्य उपप्रधान सुरेश राठी ने कहा कि बिजली कर्मियों की खुद की डिमांड नहीं, बल्कि जनता से जुड़ी मांगे हैं। उन्होंने कई मांगों को गिनवाते हुए कहा कि मुकदमे वापस हों तो कर्मचारी बिजली सप्लाई चालू कर देंगे।
इन विभागों पर भी असर
सर्व कर्मचारी संघ, हरियाणा कर्मचारी महासंघ से संबंधित सभी विभागों की यूनियनें हड़ताल में शामिल हैं। बिजली निगम, जनस्वास्थ्य विभाग, लोकनिर्माण विभाग, उपायुक्त कार्यालय, डीआरडीए, सिंचाई विभाग, शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, रोजगार विभाग, खजाना विभाग के अलावा विश्वविद्यालयों, बोर्ड, निगमों में हड़ताल का असर है। स्वास्थ्य सेवाएं भी प्रभावित रहीं।
करेंगे सख्त कार्रवाई
जींद सिटी थाना प्रभारी कमलदीप ने बताया कि बिजली की लाइन पर लोहे की चेन व अन्य डालकर तोड़े जा रहे बिजली आपूर्ति बाधित करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
॥कहने को कर्मचारी और सरकार जनता के नौकर हैं, लेकिन हालात ऐसे हैं कि जनता गुलाम बन गई है। पीने को पानी नहीं मिल रहा और काम-धंधों के लिए बिजली नहीं है। पशु भूखे हैं। बिजली से जुड़े कोई काम नहीं हो रहे हैं। जनता परेशान है।
- हरिप्रकाश, निवासी रामराय
॥जिले के हालात यह हैं कि न तो सत्ता पक्ष कुछ कर रहा है और न ही यहां से पांच विधायक लेने वाला विपक्ष कुछ आवाज उठा रहा है। मोबाइल, इंटरनेट, उद्योग, काम-धंधे सब ठप हो गए हैं। खाली बैठे लोगों को अब पानी और खाने के लिए आटे तक की चिंता सताने लगी है। बिजली कर्मचारी जनता के हितों को समझें।
- श्याम, निवासी न्यू कृष्णा कॉलोनी, जींद