कमरे में बंद गाय को करवाया मुक्त
जींद - गोरक्षा दल, अन्ना टीम तथा युवा मित्र मंडल के सदस्यों ने शहर के लघु सचिवालय के पीछे स्थित भगत सिंह कालोनी में पिछले काफी लंबे समय से एक कमरे में बंद गाय को बुधवार को मुक्त करवाया। पिछले कई माह से एक ही कमरे में बंद रहने तथा समय पर गाय को चारा नहीं मिल पाने के कारण गाय बिल्कुल दयनीय हालत में थी। गाय को कमरे में बंद करने वाले व्यक्ति द्वारा माफी मांगने के बाद गाय को शहर के रोहतक रोड पर स्थित बाबा मस्त नाथ गोशाला में छुड़वा दिया गया। गोरक्षा दल के जिलाध्यक्ष संजय शर्मा, अन्ना टीम के सदस्य सुनील वशिष्ठ, हितेष हिंदुस्तानी ने बताया कि पिछले काफी लंबे समय से गाय को इसी कमरे में बंद किया हुआ था। गाय का मालिक कई-कई दिनों में एक बार यहां आकर गाय को संभालता था और गाय को चारा आदि डालकर वापिस कमरे का दरवाजा बंद कर यहां से चला जाता था। इस अवसर पर उनके साथ युवा मित्र मंडल के सदस्य भी साथ थे।