बातचीत के बाद खुंगा ने तोड़ा अनशन
भास्कर न्यूज - जींद
हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के राज्य प्रधान देवेंद्र खुंगा का लिपिकों की मांगों को लेकर चल रहा अनशन शनिवार शाम को तुड़वा दिया गया। अनशन तुड़वाने के लिए हरियाणा मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन की तालमेल कमेटी के प्रधान बलीराम पूनिया एवं अन्य पदाधिकारी जींद अनशन स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने बताया कि सरकार मांगों पर बातचीत के लिए तैयार हो गई है। मुख्य सचिव हरियाणा सरकार से बात हुई है और 15 फरवरी को फिर बैठक उनके साथ होगी। चेतावनी दी गई है कि बैठक में समाधान नहीं निकला तो फिर आंदोलन तेज किया जाएगा।
तालमेल कमेटी के प्रधान बलिराम पूनिया, महासचिव राजीव जौली, अशोक डागर, रोडवेज मिनिस्ट्रियल स्टाफ प्रदेशाध्यक्ष बलराज देशवाल ने अनशन स्थल पर पहुंचकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि अनशन के चलते हरियाणा सरकार बातचीत को तैयार हुई है। यह देवेंद्र खुंगा और लिपिक स्टाफ की सफलता है। मुख्य सचिव हरियाणा सरकार से तालमेल कमेटी की बात हुई है। मांगों को लेकर 15 फरवरी को फिर उनके साथ बैठक होगी। तब तक के
लिए आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है।
देवेंद्र खुंगा ने कहा कि लिपिक कर्मचारियों को पंजाब के समान वेतनमान दिया जाए। सहायक की सीधी भर्ती ना करके खाली पद लिपिकों की पदोन्नति से भरे जाएं। उच्चतम योग्यता के आधार पर पदोन्नति दी जाए।
जूस पीकर तोड़ा अनशन
सरकार से बातचीत के बाद मिनिस्ट्रियल स्टाफ तालमेल कमेटी प्रधान बलीराम पूनिया ने अनशन पर बैठे हरियाणा एजुकेशन मिनिस्ट्रियल स्टाफ एसोसिएशन के राज्य प्रधान देवेंद्र खुंगा का जूस पिलाकर अनशन तुड़वाया। इस अवसर पर रामदिया भारद्वाज, लाभ सिंह श्योराण, राजबीर ढांडा, संजीत कौशिक, सुभाष जागलान, घनश्याम,राजेश खटकड़, सतीश मलिक, नरेश कालीरमन, संदीप गहलावत, अनिल देशवाल व राजाराम भी उपस्थित रहे।