पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • तारकोल से नहीं, पेवर ब्लॉक से बनेगी सड़क

तारकोल से नहीं, पेवर ब्लॉक से बनेगी सड़क

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जींद
अभी तक तारकोल से बना सफीदों रोड अब शहर में इंटर लॉकिंग पेवर ब्लॉक से बनेगा। इसका निर्माण शुरू कर दिया गया है। शुरुआत में ही सड़क में लग रही सीमेंटेड ईंटों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठे तो शनिवार को एक्सईएन जसपाल मेहरा ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया और ठेकेदार को निर्धारित गुणवत्ता के आधार पर सामग्री लगाने के निर्देश दिए। साथ ही सीमेंटेड ईंटों के सैंपल की भी जांच कराई गई। सड़क निर्माण इसी साल जुलाई तक पूरा होना है।
टेस्ट कराया सैंपल
शनिवार को सड़क निर्माण शुरू हुआ तो वहां सीमेंटेड ईंटों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे। अन्ना टीम सदस्य हितेश हिंदुस्तानी, सुनील वशिष्ठ और स्थानीय लोग सुभाष गर्ग, एनआर सिंगला ने इनकी जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि सड़क में इंटर लॉकिंग पेवर ब्लॉक कामयाब है भी या नहीं, कामयाब है तो इनकी गुणवत्ता सही है या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। सीवरेज लाइन भी जलापूर्ति विभाग की लापरवाही से सड़क के नीचे दब गई है। इसके बाद विभाग के एक्सईएन जसपाल मेहरा मौके पर पहुंचे। पेवर ब्लॉक ईंटों के सैंपल लेकर हांसी रोड पर ओवरब्रिज निर्माण में लगी कंपनी की लैब में इन्हें टेस्ट कराया गया।
उधर, आसपास बने भवनों के ऊंचा उठने से सफीदों रोड नीचा पड़ गया था। पानी निकासी नहीं होने से सड़क टूट चुकी थी। अब सड़क को ऊंचा उठाया गया है। निकासी के लिए दोनों तरफ नाले भी बनेंगे। दालमवाला अस्पताल से कुंदन सिनेमा की ओर नाला बनेगा, जबकि स्कीम नंबर-6 की तरफ पहले ही नाला बना हुआ है। दालमवाला अस्पताल से झोटा फार्म तक भी सड़क के दोनों तरफ पानी निकासी के नाले बनेंगे।



सफीदों गेट से सेक्टर-9 तक बनेगा रोड

सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की घोषणा के तहत अब शहर में सफीदों गेट से सेक्टर-9 तक सफीदों रोड का निर्माण शुरू किया गया है। सड़क निर्माण पर करीब पांच करोड़ लागत आएगी। सड़क की लंबाई 2.92 किलोमीटर है और चौड़ाई 33 फीट होगी। अभी तक यह सड़क तारकोल से बनी थी, लेकिन अब पीडब्ल्यूडी बीएंडआर इसे इंटर लॉकिंग पेवर ब्लॉक यानि सीमेंटेड ईंटों से बनाएगा। कुंदन सिनेमा के पास से सड़क निर्माण शुरू किया गया है। सड़क में सवा 400 मीटर टुकड़ा उत्सव होटल के पास और 82 मीटर टुकड़ा कुंदन सिनेमा के पास कंक्रीट से बना है। यहां इनकी बस चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। निर्माण के लिए सड़क को ऊंचा उठाया गया है।



निर्माण में नहीं होगी कोताही

ठेकेदार को जारी की गई नियमावली के आधार पर ही सड़क निर्माण करवाया जाएगा। सैंपल लेने के बाद रिपोर्ट विभाग की जरूरत पर खरी है। अगर सड़क चार साल तक टूटती भी है तो उसे ठीक करने की जिम्मेवारी ठेकेदार की होगी। निर्माण में किसी प्रकार की कोताही नहीं होने दी जाएगी। सड़क निर्माण इंटर लॉकिंग पेवर ब्लॉक से बनाने की मंजूरी मिली है।

- जसपाल मेहरा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर जींद