निर्दोषों पर केस दर्ज कर रही है पुलिस
जींद - सफीदों गेट पर 23 जनवरी की शाम को बिजली सप्लाई चालू करने की मांग को लेकर जाम लगाने और तोडफ़ोड़ करने पर पुलिस द्वारा 8 लोगों को नामजद कर करीब 200 अन्य लोगों पर केस दर्ज करने के मामले में अब बाजार के व्यापारी लामबंद हो गए हैं। शनिवार शाम को पंजाबी बाजार में बैठक कर व्यापारियों ने कहा कि पुलिस मामले में निर्दोष लोगों को फंसा रही है। घटना को असामाजिक लोगों ने अंजाम दिया था।
बैठक में फैसला लिया गया कि 27 जनवरी को बाजार के व्यापारी एवं अन्य लोग एसपी बलवान सिंह राणा से मिलेंगे और मामले की सही से जांच कराने के साथ समाधान कराने की मांग करेंगे। बैठक में बलवंत कथूरिया तांगा चौक प्रधान, मेन बाजार प्रधान कृष्ण सिंगला, पालिका बाजार प्रधान जयकुवार गोयल, पंजाबी बाजार प्रधान सुरेंद्र सिंह के अलावा मामले में आरोपी बनाए गए व्यक्तियों के परिजन भी शामिल हुए।