बूथ लेवल अधिकारियों को किया पुरस्कृत
भास्कर न्यूज - जींद
मतदान का अधिकार लोकतांत्रिक प्रणाली की सबसे बड़ी देन है। दुनिया के सबसे बड़े लोक तांत्रिक राष्ट्र भारतवर्ष को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक 18 वर्ष आयु के व्यक्ति को अपना वोट बनाना और बिना द्वेष, लालच के मतदान करना चाहिए।
एडीसी एवं जुलाना निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचक एवं पंजीयन अधिकारी जयबीर सिंह आर्य ने लोगों से यह आह्वान निडानी गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मनाए गए राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि ने किया। स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रजातंत्र में मत के महत्व विषय पर गीत,भाषण एवं लघु नाटिकाओं की प्रस्तुति भी दी।
जुलाना में शुरू किए गए कला प्रतिभा खोज कार्यक्रम के तहत विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले युवाओं को भी एडीसी द्वारा सम्मानित किया गया। गतौली गावं की रेणु एवं सुषमा तथा शामलों कलां गांव के सचिन तथा निडानी गांव के खिलाड़ी प्रवीण कुमार को एडीसी ने मैडल पहनाकर सम्मानित किया।
वोट के महत्व पर लघु नाटिका
स्थानीय हिन्दू महिला महाविद्यालय में एक समारोह का आयोजन किया गया जिसमें जींद की एसडीएम अमृता सिवाच ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में हिन्दू कन्या महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रजातंत्र में वोट का महत्व विषय पर लघु नाटिका का मंचन किया।
ये हुए पुरस्कृत
कार्यक्रम में ऐसे बूथ लेवल अधिकारी बने जिन्होंने मतदाता सूचियों को अपडेट करने व मतदाता पहचान पत्र बनवाने में सराहनीय कार्य किया हैं, उन्हें एक-एक हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया।
इनमें बीबीपुर गांव के स्कूल के अनिल कुमार जेबीटी अध्यापक, सामान्य अस्पताल जींद के सुशील शर्मा एमपीएच डब्ल्यू, हिन्दू कन्या महाविद्यालय के नारायण सिंह लिपिक, थुआ सरकारी स्कूल के राजेश कुमार जेबीटी अध्यापक तथा बिजली निगम नरवाना के महाबीर यूडीसी शामिल थे। मतदाता दिवस समारोह की कड़ी में पिछले दिनों स्कूली बच्चों में पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं करवाई गई। आज समारोह में राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद की निशा व राजकीय उच्च विद्यालय खोखरी की अंजू को क्रमश 400 व 250 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया।
इसी प्रकार प्रस्ताव लेखन में महिला कालेज की नीतू को पहला, हिन्दू कॉलेज सोनम को दूसरा, केएम कॉलेज नरवाना की मोनिका गर्ग को तीसरा स्थान मिलने पर क्रमश: 500,300 व 200 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। इस मौके पर पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में महिला कॉलेज जींद की कनिष्का तायल को पहला ,केएम कॉलेज की मनीषा को दूसरा व केएम कॉलेज की रानी मोर को तीसरा स्थान मिलने पर क्रमश: 1000, 400,400 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। इनमें कनिष्का तायल का चयन राज्यस्तरीय पुरस्कार के लिए हुआ है। इन्हें राज्यपाल द्वारा 3 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। भाषण प्रतियोगिता में हिन्दू कॉलेज की नीशू,राजकीय महाविद्यालय के मानव व राजकीय कॉलेज सफीदों की प्रीती जांगड़ा को 1500,1000 तथा 500 रुपए का पुरस्कार दिया गया।