- Hindi News
- तीन दिन में वापस लो केस, नहीं तो शहर कर देंगे जाम
तीन दिन में वापस लो केस, नहीं तो शहर कर देंगे जाम
भास्कर न्यूज - जींद
हड़ताल के दौरान बिजली-पानी की मांग को लेकर २३ जनवरी को शहर में जाम, पथराव और पीसीआर को आग के हवाले करने के मामले में दर्ज किए मामलों के विरोध में अब लोग पुलिस के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं। इस मामले में पुलिस ने ८ नामजद समेत २०० लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किए हैं।
आठ नामजद लोगों में से गिरफ्तार किए गए अमित गोयत शाहपुर व सज्जन कश्यप के पक्ष में कंडेला खाप उतर आई है। कंडेला खाप ने अमित गोयत को बेकसूर बताते हुए तुरंत उस पर बनाए गए मुकदमे वापस लेने व ज्यादती करने वाले पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। खाप ने इसके लिए प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी कि अगर इन तीन दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो कंडेला खाप कंडेला गांव में पूरे हरियाणा की खापों को एकत्र कर बंद का ऐलान करेगी।
गलत तरीके से फंसाया : सोमवार को कंडेला खाप के प्रधान टेकराम की अध्यक्षता में दर्जनों लोग डीसी राजीव रतन और एसपी बलवान सिंह राणा से मिले। खाप ने अधिकारियों को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि पुलिस ने बिना कारण अमित गोयत को फंसाने का काम किया है। गोयत का पुलिस पर पथराव और पीसीआर जलाने से कोई वास्ता नहीं है। इसके अलावा 5-6 लोगों को बेवजह मामले में घसीटते हुए पुलिस ने उन पर ज्यादती की है।
कंडेला खाप के प्रधान ने कहा कि प्रशासन से अमित गोयत, सज्जन कश्यप व अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज किए गए मामले वापस लेने की मांग की गई है। यदि प्रशासन ने तीन दिन में मामला वापस लेकर गोयत की रिहाई नहीं कराई तो 31 जनवरी को खाप एक महापंचायत कर आंदोलन का रास्ता इख्तियार करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि इस आंदोलन में शहर की सड़कों को पूरी तरह से जाम कर दिया जाएगा।
जींद में हड़ताल के दौरान पथराव मामले में कंडेला खाप ने प्रशासन को दिया अल्टीमेटम