- Hindi News
- बुराइयों से बचने को शिक्षित होना जरूरी : दलाल
बुराइयों से बचने को शिक्षित होना जरूरी : दलाल
भास्कर न्यूज - जींद
पांडु पिंडारा के श्री रत्तीराम आश्रम में बुधवार को राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न हुआ। समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता नरेंद्र सिंह दलाल शामिल हुए, जबकि अध्यक्षता कॉलेज प्राचार्य डॉ. वेदप्रकाश श्योराण ने की।
इस मौके पर नरेंद्र सिंह दलाल ने कहा कि समाजसेवा मानव जीवन का अभिन्न अंग है। इसके बिना मानव जीवन का उद्देश्य सार्थक नहीं है।बच्चे समाज का सबसे छोटा, लेकिन सबसे अहम हिस्सा होते हैं। आज के परिवेश में समाज में फैल रही बुराइयों से बचने को बच्चों का शिक्षित होना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा ही ऐसा माध्यम है, जिससे अच्छे और बुरे की पहचान हो पाती है। प्राचार्य वेदप्रकाश श्योराण ने बताया कि शिविर में 150 छात्रों ने भाग लिया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सेवकों को पुरस्कृत किया गया। तीनों इकाइयों में से जयभगवान, राजेश व संजू सोनी को सर्वोत्तम स्वयंसेवक घोषित किया गया।
इन विजेताओं को राजकीय महिला कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. आरसी जैन ने नगद राशि देकर सम्मानित किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के विद्यार्थियों में प्रो. रजनीश बहल ने इनाम बांटे। प्रिंसिपल श्योराण ने सफल आयोजन पर एनएसएस प्रभारी राजेंद्र सिंह, राकेश सिंहमार व डॉ. अनुप्रिया को बधाई दी। इस मौके पर प्रो. रणधीर सिंह भी मौजूद रहे।