पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हर सुबह बस एक ही दुआ... ट्रेन न आए

हर सुबह बस एक ही दुआ... ट्रेन न आए

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सुरेंद्र भारद्वाज - जुलाना
हर सुबह-दोपहर बस एक ही दुआ कि ट्रेन न आए। जी हां, यह हाल है जुलाना के रेलवे स्टेशन के पास बनी लाइन पार कॉलोनीवासी सैकड़ों बच्चों और अभिभावकों का। यहां फुटओवरब्रिज नहीं होने के कारण हर रोज अभिभावक अपने मासूमों को भारी परेशानी के बीच ट्रैक पार कराते हैं।
इसके कारण बच्चों को चोट आदि लगने का डर उनके मन में बना रहता है। कस्बे के लोगों द्वारा इसे बनाने की बार-बार मांग की जाती रही है, लेकिन रेलवे प्रशासन इस ओर कोई भी ध्यान नहीं दे रहा।
सैकड़ों जान जोखिम में
कस्बे की बड़ी आबादी लाइन पार कॉलोनी में रहती है। यहां स्कूल न होने के कारण बच्चों को कस्बे में ही आना पड़ता है। इसके चलते हर रोज कालोनी के सैकडों विद्यार्थी अपनी जान-जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करते हैं।



ट्रेनों का लगा रहता है आवागमन

दिल्ली-फिरोजपुर रेलवे लाइन के डबल होने के कारण रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन लगा रहता है। सुबह के समय जब बच्चे स्कूल में जाते हैं तो रेलवे ट्रैक और भी ज्यादा व्यस्त हो जाता है। इस दौरान कई पैसेंजर व मालगाड़ी यहां से गुजरती हैं। इसके कारण तो कई बार स्कूली बच्चों का रेलवे ट्रैक पार करने के लिए इंतजार करना पड़ता है और वे स्कूल से भी लेट हो जाते हैं।

शिकायत के बाद भी रेलवे प्रशासन नहीं दे रहा ध्यान

लाइन पार कॉलोनी के नगरपालिका पार्षद विनोद कुमार, कॉलोनी वासी गुरदास सिंह, शमशेर, अजमेर, सुरेश, बलवान सिंह आदि ने बताया कि यहां फुटओवरब्रिज बनाने की मांग रेलवे प्रशासन व अधिकारियों और राजनेताओं के समक्ष कई बार उठा चुके हैं, लेकिन ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया। हर रोज सैकड़ों बच्चों को अपनी जान-जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक को पार कर स्कूल जाना पड़ता है।

रेलवे फुटओवरब्रिज नहीं होने के कारण लाइनपार कॉलोनी के सैकड़ों बच्चों को रेलवे ट्रैक पार कर जाना पड़ता है स्कूल