महिला से मारपीट करने पर तीन लोग नामजद
जींद - रास्ता रोककर महिला के साथ मारपीट करने पर सदर थाना पुलिस ने एक महिला सहित तीन के खिलाफ मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
हनुमान नगर निवासी शकुंतला ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह गांव संगतपुरा में गई थी। उसी दौरान गांव के ही भगवानदास, महताब व फूली देवी ने उसका रास्ता रोक लिया और मारपीट की। बचाव में शोर मचाए जाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मारपीट कर रहे लोगों के चंगुल से उसे छुड़ाया। पुलिस ने भगवानदास, महताब, फूली देवी के खिलाफ मामला दर्ज कर भगवानदास को उसके ठिकाने से गिरफ्तार कर लिया।
महिला से छेड़छाड़, मामला किया दर्ज
नरवाना - सिटी पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। मुकेश देवी पत्नी सुरेश वासी सिंहमार मोहल्ला नरवाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार को गली से गुजर रही थी कि सिंहमार मोहल्ला वासी अमित उर्फ काला ने उसके साथ छेड़छाड़ की।