मकान पर कब्जे के आरोपी को जेल
जींद - शहर थाना पुलिस ने मकान पर कब्जा कर फर्जीवाड़ा करने के आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। तोपखाना मोहल्ला निवासी विजयलक्ष्मी ने 6 नवंबर 2013 को शहर थाना पुलिस को दी थी कि उसने अपने देवर अशोक से मकान खरीदा था। जिसे बिमला देवी को बेच दिया गया। बिमला देवी से फिर उसने वापस मकान खरीद लिया। आरोप है कि अशोक ने मकान की मलकीयत संबंधित फर्जी कागजात तैयार करवा लिए और अपने नाम बिजली मीटर लगवा लिया। पुलिस ने विजयलक्ष्मी की शिकायत पर तोपखाना निवासी अशोक, उसकी पत्नी हेमलता, बेटे मानव तथा सिद्धार्थ के खिलाफ मामला दर्ज किया था।