पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • दाल रोटी योजना के लिए निगरान अधिकारी नियुक्त

दाल-रोटी योजना के लिए निगरान अधिकारी नियुक्त

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - झज्जर
जिला प्रशासन द्वारा खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2013 के अंतर्गत जनवरी माह के राशन वितरण की निगरानी के लिए ब्लाक स्तर पर अधिकारी नियुक्त किए हैं। जिला खाद्य नियंत्रक प्रेमपाल ने बताया कि जिला डीसी के आदेशानुसार जनवरी माह के राशन को सही ढंग से वितरित करने के लिए ब्लाक झज्जर में एसडीएम झज्जर, बहादुरगढ़ के लिए एसडीएम बहादुरगढ़, बेरी के लिए एसडीएम बेरी, साल्हावास ब्लाक के लिए डीडीपीओ झज्जर व मातनहेल में डिप्टी सीईओ झज्जर निगरानी का कार्य करेंगे।
गेहूं वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जनवरी माह का गेहूं सभी डिपो होल्डर को पहुंचना शुरू किया जा चुका है। एएवाई कार्ड धारकों को 35 किलोग्राम गेहूं प्रति राशनकार्ड दो रुपए प्रति किलोग्राम व पहचान किए गए प्राथमिक परिवारों को गेहूं का वितरण पांच किलोग्राम प्रति व्यक्ति के हिसाब दो रुपए प्रति किलोग्राम वितरण किया जाएगा। सभी पात्र व्यक्ति अपने-अपने डिपो होल्डर से जनवरी मास का अनाज प्राप्त करें। सभी डिपो होल्डर को आदेश दिए गए हैं कि राशन वितरण का कार्य निर्धारित नियमानुसार किया जाए। वितरण के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए दोषी डिपो होल्डर के विरूद्ध नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी।



लाभार्थियों की सूची लगाएं डिपो होल्डर

उन्होंने सभी डिपो होल्डर को निर्देश दिए है कि गेहूं का वितरण करते समय आधार नंबर नहीं है तो एनरोलमेंट नंबर यदि यह भी न हो तो अन्य आईडी जैसे वोटर कार्ड आदि की प्रति भी लें। सभी डिपो होल्डर लाभार्थियों की सूची अपने डिपो पर चस्पा करें व सभी निरीक्षक/उपनिरीक्षक पहचान किए गए प्राथमिक परिवारों की सूची ग्राम सभा/सरपंच/ एमसी से भी वेरिफाई कराना सुनिश्चित करें। किसी भी प्रकार की समस्या/शिकायत होने पर संबंधित सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी/निरीक्षक/उपनिरीक्षक खाद्य एवं आपूर्ति से संपर्क स्थापित करें। इसके अतिरिक्त कोई भी शिकायत जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक झज्जर के कार्यालय के दूरभाष नंबर 01251-252516 पर कर सकते है।