पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • चौथे दिन भी बिजली संकट गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

चौथे दिन भी बिजली संकट गुस्साए लोगों ने लगाया जाम

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बहादुरगढ़
हरियाणा तालमेल कर्मचारी कमेटी की हड़ताल के कारण तीन दिनों से बिजली संकट से गुजर रहे शहर वासियों को चौथे दिन भी राहत नहीं मिली। शुक्रवार को झज्जर रोड पर 132 केवी सबस्टेशन पर आई खराबी के कारण सुबह 8 बजे से शाम ५:३० बजे तक शहर में
बिजली सप्लाई ठप रही। बुधवार को शहर में 18 घंटे का लगातार कट रहा। गुरुवार को लगातार 22 घंटे का कट रहा और आज 10 घंटे तक शहर में बिजली सप्लाई ठप रही।
आज लोगों ने बिजली कट से परेशान होकर झज्जर रोड पर आधे घंटे का जाम भी लगाया। बाद में थाना प्रभारी ने मौके पर पहुंचकर लोगों को सब स्टेशन के निकट तारों में आई खराबी के बारे में बताया और लोगों को शांत किया। आज भी बिजली सप्लाई ठप रहने से शहर के बड़े हिस्से में पानी आपूर्ति प्रभावित रही। मंगलवार व बुधवार रात बिजली की सप्लाई के लिए आ रही तारों को नुकसान पहुंचाने के चलते खड़ी हुई समस्या को ठीक करने में शुक्रवार को अधिकारी दिनभर लगे रहे। झज्जर रोड पर तार की मरम्मत करने के चलते आसपास के क्षेत्रों की भी लाइट को बंद रखा गया था। शाम 6 बजे के करीब जब शहर में बिजली की सप्लाई सामान्य हुई तो जाकर लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली।
छेड़छाड़ के चलते आ रही समस्या : एसडीओ
एसडीओ एस राणा ने बताया कि दो दिनों से तारों के साथ हो रही छेड़छाड़ के कारण बड़ी समस्या भी पैदा हो सकती थी, लेकिन समय रहते उसे आज काबू कर लिया गया। इस व्यवस्था को ठीक करने में पूरा दिन लगा, लेकिन अब स्थिति सामान्य हो गई है। कुछ लोगों ने इंटरलिंक 132 केवी झज्जर से आ रही लाइन जो यहां 33 केवी ओल्ड पावर हाउस तक आती है पर लोहे के चेन फेंककर उस सप्लाई को बंद कर दी थी। इसी तरह से बुधवार रात दो बजे 33 केवी सिटी की मेन लाइन को काट दिया गया था। मंगलवार को बामड़ोली की तरफ बिजली की तार को बंद कर दिया गया था। इन सभी मामलों में पुलिस थानों में शिकायत भी दर्ज करवाई गई है। पर अभी तक तारों को काटने वालों की पहचान नहीं हो पाई है।




बच्चे बिना नहाए पहुंचे स्कूल, आई शिकायत

झज्जर रोड उत्तम व मोहन नगर के निकट पर शुक्रवार दोपहर 2:30 बजे जैसे ही लोगों ने मार्ग जाम किया तो वहां मौजूद लोगों को शांत करने गए पुलिस अधिकारियों को भी खरी-खरी सुननी पड़ी। एक महिला ने थानेदार से कहा कि स्कूल से बच्चे की डायरी में दो दिनों से लिखा आ रहा है वह नहा कर क्यों नहीं आया। आप बताए यहां मुहं धोने के लिए भी घर में पानी नहीं है तो बच्चों को कहां से नहला कर भेजे।



सुबह आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक शहर में बिजली सप्लाई ठप