- Hindi News
- विभाग ने नहीं सुनी, महिला आयोग पहुंचीं टीचर्स
विभाग ने नहीं सुनी, महिला आयोग पहुंचीं टीचर्स
भास्कर न्यूज - झज्जर
जिले के वाजिदपुर प्राथमिक स्कूल की महिला टीचर्स स्कूल में पदस्थ पुरुष टीचर के अश्लील व्यवहार और छेडख़ानी से आहत होकर अब महिला आयोग के दरवाजे पर पहुंच गई हैं। आयोग का दरवाजा खटखटाने की वजह शिक्षा विभाग द्वारा उनकी समस्या को दरकिनार कर देना रहा। यही नहीं स्कूल की महिला स्टाफ ने शिक्षा विभाग के निदेशक को भी अपनी आपबीती बता दी है।
बता दें कि वाजिदपुर के पुरुष टीचर के खिलाफ यहां की महिला टीचर ने अभद्र भाषा का प्रयोग करने और अन्य महिला स्टाफ के साथ छेडख़ानी की शिकायत की। इस मामले में विभाग पर कुछ नहीं करने, और जांच के नाम पर खानापूर्ति कर मामले को दबाने का आरोप है। बाद में महिला टीचर ने पुरुष टीचर के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया। इसके बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। पुलिस की इस कार्रवाई पर शिक्षा विभाग ने आरोपी टीचर को अन्य स्कूल में 31 मार्च तक डेपुटेशन पर भेज दिया। हालांकि टीचर के खिलाफ कार्रवाई फिर भी नहीं की। अब टीचर्स को अंदेशा है कि डेपुटेशन की अवधी खत्म होने के बाद टीचर फिर स्कूल में आकर यहां का माहौल खराब करेगा।
स्कूल में जेबेटी ट्रेनिंग छात्राओं से भी टीचर द्वारा अश्लील हरकत और उनके साथ गंदी बातें की गईं। इनमें से दो ट्रेनिंग छात्राओं ने शिक्षा विभाग में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। लिहाजा कुछ दिन पूर्व ही पीडि़त महिला स्टाफ ने महिला आयोग के अलावा शिक्षा विभाग और हरियाणा शिक्षा बोर्ड को भी इस संबंध में शिकायत भिजवाई है। इसमें लिखा गया है कि लोकल स्तर पर महिला स्टाफ किस माहौल में ड्यूटी दे रही हैं और स्थानीय प्रशासन मदद करने की बजाए मामले को ही दबाने का काम करता है।
॥किसी महिला स्टाफ की भावनाएं आहत नहीं होने दी जाएंगी। वाजिदपुर की महिला स्टाफ की जो शिकायत है उसका समाधान कराया जाएगा।ञ्ज
साधूराम रोहिल्ला, डीईओ झज्जर।
२३ जनवरी के अंक में प्रकाशित खबर