- Hindi News
- तलाव रेलवे ट्रैक के लिए सांसद ने मांगा फाटक
तलाव रेलवे ट्रैक के लिए सांसद ने मांगा फाटक
भास्कर न्यूज - झज्जर
झज्जर जिले में आजादी के बाद पहली बार रेल की सीटी तो बज गई। हालांकि कई गांव ऐसे हैं जहां रेल का हाल्ट नहीं है। इसी प्रकार शहरी सीमा से सटे कई गांवों के रेलवे ट्रैक पर रेलवे फाटक नहीं है। लिहाजा क्षेत्र के सांसद ने ग्रामीणों और ग्राम पंचायतों की इस मांग को देखते हुए तलाव समेत कई गांवों के लिए रेलवे फाटक की मांग रेलवे से की है।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने झज्जर के कई गांवों में ट्रेन के ठहराव के लिए स्टेशन रेलवे बोर्ड से मांगे हैं। सोमवार को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक वी.के. गुप्ता से सांसद हुड्डा ने इस बाबत चर्चा की।
जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से यह जानकारी देते हुए बताया गया कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने झज्जर के तहत आने वाले गांव बाबरा, तलाव व माछरौली में रेवाड़ी-झज्जर-रोहतक रेलवे लाइन पर अंडरपास अथवा अस्थाई रेलवे फाटक बनाने की मांग की है।
सांसद के अनुसार ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार यहां रेलवे अंडरपास अथवा अस्थाई फाटक बनाए जाने जरूरी हैं। सांसद ने महाप्रबंधक के समक्ष जोर देकर कहा कि इन गांवों में अंडरपास अथवा रेलवे क्रासिंग की व्यवस्था शीघ्र की जाए।
महाप्रबंधक ने सांसद को आश्वस्त किया कि इसी सप्ताह वे अंडर पास के लिए रेलवे विभाग के अधिकारियों को जरूरी कार्यवाही के लिए भेजेंगे। सांसद ने उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक गुप्ता से झज्जर क्षेत्र के गांव कोका व दुजाना में रेलवे स्टेशन व हाल्ट स्थापित करने की मांग की है। बताया गया कि रेवाड़ी-झज्जर-रोहतक रेल लाइन पर कोका गांव में रेलवे स्टेशन बनेगा तो कोका के अलावा आस-पास के गांवों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा हर दिन स्कूली विद्यार्थियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन रेवाड़ी व रोहतक की ओर रहता है।