- Hindi News
- बेरी व गांगटान में पानी के अवैध कनेक्शन काटे
बेरी व गांगटान में पानी के अवैध कनेक्शन काटे
भास्कर न्यूज - झज्जर
जनस्वास्थ्य विभाग ने पानी के अवैध कनेक्शन कराने वालों के खिलाफ स्पेशल अभियान शुरू किया है। इसके पहले चरण में बेरी में 22 व गांगटान गांव में 18 अवैध कनेक्शन काटे हैं। सब डिवीजन में अवैध कनेक्शन काटे जाने का सिलसिला जनस्वास्थ्य विभाग ने कई सालों बाद
शुरू किया है।
विभाग के अनुसार अवैध कनेक्शनों के कारण अन्य लोगों की वैध सप्लाई में गंदा पानी सप्लाई हो रहा था साथ ही इन अवैध कनेक्शनों के कारण पानी की बर्बादी हो रही थी। जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ आरके गुप्ता ने बताया कि अवैध कनेक्शन विभाग व उपभोक्ता के लिए सिरदर्द बने हुए हैं। लोगों ने अपने घरों में कई-कई कनेक्शन कर रखे हैं और कुछ कनेक्शन नालियों में छोड़ रखे हैं। इसके कारण नालियों का गंदा पानी अवैध कनेक्शन के साथ मिक्स होकर पीने की सप्लाई में लोगों के घरों तक पहुंच रहा है। लिहाजा मंगलवार को गांगटन गंाव व बेरी कस्बे मे स्पेशल अभियान चलाकर अवैध कनेक्शन काटे गए हैं।
अभियान जारी रहेगा
अवैध कनेक्शनों के कारण पानी की बहुत ज्यादा बर्बादी होती है। जिस समय सप्लाई छोड़ते हैं उस समय पानी व्यर्थ ही गलियों में बहता है। इसकी चिंता अवैध कनेक्शन कराने वालों को नहीं होती है। अवैध कनेक्शन के खिलाफ हमारा यह अभियान जारी रहेगा।
आरके गुप्ता, एसडीओ, पब्लिक हेल्थ, बेरी।