- Hindi News
- जैतपुर स्कूल में टेटनस का टीका लगाते ही छात्रा की हालत बिगड़ी
जैतपुर स्कूल में टेटनस का टीका लगाते ही छात्रा की हालत बिगड़ी
भास्कर न्यूज - झज्जर
सरकारी स्कूलों में चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान के दौरान एक 16 वर्षीय छात्रा की हालत टिटनेस का टीका लगने के बाद बिगड़ गई। उसे झज्जर सिविल अस्पताल लाया गया। यहां से उसे बेहतर इलाज के लिए पीजीआई रैफर कर दिया गया। साल्हावास क्षेत्र के जैतपुर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में यह वाकिया हुआ। यहां बुधवार को रुटीन टीकाकरण अभियान के तहत 10 से 16 साल तक के बच्चों को टिटनेस के टीके लगाए जा रहे थे। मनीषा पुत्री नेतराम को जब टीका लगा तब उसे चक्कर आए और बेहोशी छाने लगी। यह देख स्कूल स्टाफ सकते में आ गया। हालांकि मेडिकल स्टाफ ने गंभीरता दिखाते हुए छात्रा को सिविल अस्पताल भेजा। यहां दो डाक्टरों की निगरानी में उसे प्राथमिक इलाज देकर पीजीआई रैफर किया गया। यहां उसकी हालत में सुधार है। इस वाकए के बाद स्वास्थ्य विभाग ने स्कूल स्टाफ को भी जागृत किया, ताकि कोई टीकाकरण अभियान को गलत न समझ ले।