- Hindi News
- पशुओं ने होद में पिया पानी, स्कूल में पथराव
पशुओं ने होद में पिया पानी, स्कूल में पथराव
भास्कर न्यूज - झज्जर
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के गेट पर बनी पानी की होद अब तक पश्ुाओं के बीच लड़ाई का कारण बनती है। हालांकि बुधवार को होद के कारण स्कूल निर्माण में लगा ठेकेदार और पशुपालक भिड़ गए। मामला इतना बढ़ा कि पशु पालक के समर्थन में गुर्जर समाज के कई लोग आ गए और स्कूल में पथराव कर दिया। गनीमत यह रही कि मैदान में खेल रहे बच्चों को तुरंत स्कूल प्रबंधन ने कमरों में बंद कर दिया। हंगामे के बाद पुलिस पहुंची।
ठेकेदार ने पशुपालक से मांगी साइड तो बढ़ा मामला
स्कूल परिसर में भवन निर्माण का काम चल रहा है। यहां बुधवार को ठेकेदार मजदूरों को उनकी पेमेंट देने के लिए आया। स्कूल गेट पर बनी पानी की होद पर एक व्यक्ति अपने पशु को पानी पिला रहा था। ऐसे में ठेकेदार ने साइड देने को कहा, ताकि उसकी कार अंदर जा सके। इसी बात पर दोनों में कहासुनी हो गई। मामला फिर हाथापाई तक आ गया। यह देख पशु पालक के समर्थन में लोग जुटना शुरू हो गए। इधर मजदूर भी अपने ठेकेदार के समर्थन में आ गए। देखते ही देखते स्कूल परिसर दो पक्षों में बंट गया। इसी दौरान पत्थर बाजी शुरू हो गई। बच्चे स्कूल परिसर में खेल रहे थे,पत्थर बाजी और हंगामे को देख पिंसिपल डा. हरपाल सिंह डागर ने टीचर व बच्चों को कमरे में भेज दिया। घटनाक्रम देख महिला स्टाफ व बच्चे बुरी तरह सहम गए। पुलिस आने के बाद ही मामला शांत हो सका।