भाजपा ने मनाया किसान अधिकार दिवस
भास्कर न्यूज - झज्जर
अंबेडकर चौक पर गुरुवार को भाजपा किसान मोर्चा ने किसान अधिकार दिवस मनाया। इसमें 7 फरवरी के विरोध प्रदर्शन को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इसमें किसान मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रविभान राठी ने कहा कि 30 जनवरी को देशभर में किसान अधिकार दिवस मनाया गया और जिला मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन कर मांग नहीं अधिकार चाहिए, लाचार नहीं सुधार चाहिए का नारा दिया गया।
मांगें नहीं मानी तो रोकेंगे रेल
सभा के दौरान कहा गया कि स्वामी नाथन कमीशन की 50 प्रतिशत लाभांश के साथ लाभकारी मूल्य में सिफारिश तुरंत लागू करने, जोखिम प्रबंध की दस हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजे की मुख्यमंत्रियों की समिति सिफारिश क्रियान्वित करने, मिश्रित खादों के बढ़े दाम वापिस लेने, किसानों को सस्ते इनपुट उपलब्ध कराने, नदी जोड़, जल संग्रहण व टपका सिंचाई से हर खेत को पानी देने, एक वर्ष के लिए मध्यप्रदेश की तर्ज पर ब्याज रहित राशि दिए जाने, सेज की जमीन किसानों को वापस देने व किसान की ओर से प्राप्त पैसे वापस न दिए जाने की सूरत में लाभांश में हिस्सा दिए जाने की बातें नहीं मानी जाती हैं तो पूरे देश में सात फरवरी को रेल रोककर विरोध जताया जाएगा। जिला अध्यक्ष कृष्ण जाखौदा की अध्यक्षता में हुई सभा में जनरल बॉडी की उपाध्यक्ष कमलेश अत्री, महाबीर सैनी, रामहेर, राजेंद्र शर्मा, अमर सिंह, महासिंह, महेंद्र सैन, सुनिता चौहान मौजूद रहे।