लघु सचिवालय में दी बापू को श्रद्धांजलि
झज्जर - राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 67वीं पुण्य तिथि के अवसर पर गुरुवार को लघु सचिवालय परिसर में जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि दी गई। सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने राष्ट्रपिता के सम्मान में दो मिनट का मौन धारण किया। झज्जर एसडीएम प्रदीप डागर, नगराधीश सतीश यादव, जिला राजस्व अधिकारी बलवान सिंह, जिला पंचायत एवं विकास अधिकारी विशाल कुमार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी नीरज कुमार सहित सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित करके उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर लघु सचिवालय स्थित कार्यालयों के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
लिटिल एंजल्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में महात्मा गांधी की पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम में एंजल्स एजूकेशन सोसायटी के अध्यक्ष जगपाल गुलिया, जयदेव दहिया, केएम डागर, प्राचार्य अरविंदो नारायणन सहित प्रात: 11 बजे सभी विद्यार्थियों व स्कूल स्टाफ ने एक मिनट का मौन धारण किया। अपने-अपने संबोधन में सभी ने बच्चों को गांधी जी के बताए आदर्शों पर चलने के लिए प्रेरित किया। भूगोल अध्यापक मुकेश शर्मा ने गांधी प्रतिमा के रूप में मानव श्रृंखला का निर्माण करवाया।
विधायक कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी को दी श्रद्धांजलि
बहादुरगढ़ - विधायक कार्यालय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि एवं भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने जीवन का बलिदान देने वाले अमर शहीदों को नमन किया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर नप चेयरमैन रवि खत्री, ब्लॉक समिति चेयरमैन तेजबीर दलाल, विधायक सचिव सुरेंद्र छिल्लर, टैणी प्रधान, पूर्व चेयरमैन आजाद राठी, नफे जून, लाला निलोठी, ज्ञानचंद आसीवाल, संजय मान, श्याम कांनौदा, विकास रूहिल, जस्सी प्रधान, प्रवीण छिल्लर, धर्मबीर भगत, राव रामेहर,मंजीत दहिया, विजय कुमार सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।