पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अवैध कब्जा हटवाने के लिए सीएम को भेजा पत्र

अवैध कब्जा हटवाने के लिए सीएम को भेजा पत्र

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - कनीना
कनीना उपमंडल के गांव सीगड़ी में किए गए अवैध कब्जे को लेकर प्रशासन द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने पर अब सरपंच ने प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, मुख्य सचिव व पंचायत विभाग के निदेशक को पत्र भेजकर कब्जा हटवाने की गुहार लगाई है। विदित रहे कि सीगड़ी गांव की खसरा नंबर 165 की पंचायती भूमि पर दबंग लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा है, जिससे गांव के विकास कार्य बाधित हो रहे हैं। ग्राम पंचायत की ओर से उक्त जमीन की पैमाइश करवाई जा चुकी है, जिसमें तीन लोगों को दोषी ठहराया जा चुका है। ग्राम पंचायत की ओर से कब्जेधारियों को हरियाणा पंचायती राज अधिनियम 1994 की धारा 24क व 24ख के नोटिस भी दिए जा चुके हैं। इतना ही नहीं, अवैध कब्जा हटवाने के लिए बीडीपीओ कनीना की ओर से जिला उपायुक्त को पत्र भेजकर पुलिस सहायता की मांग की गई, लेकिन अधिकारियों के उदासीन रवैये के चलते पुलिस सहायता न मिलने के कारण आज तक कब्जा नहीं हट सका है। गांव की महिला सरपंच कौशल्या देवी ने बताया कि अवैध कब्जा नहीं हटने के कारण गांव में होने वाले विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। अवैध कब्जा हटवाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री व वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र भेज कर गुहार लगाई है। बीडीपीओ ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस की ओर से सहायता नहीं मिलने के कारण कार्रवाई नहीं हो सकी। अब जल्द ही पुलिस से दोबारा मदद लेकर अवैध कब्जे को हटाया जाएगा।