पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • ९वीं वारदात की कोशिश में दबोचे गए पेट्रोल पंप लुटेरे

९वीं वारदात की कोशिश में दबोचे गए पेट्रोल पंप लुटेरे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - रेवाड़ी
पूर्व मंत्री सुभाष गोयल के पेट्रोल पंप से 3 लाख 52 हजार लूटकर भागे दोनों बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया है। दबोचे गए बदमाशों से पेट्रोल पंप लूट की आठ वारदातों का खुलासा हो चुका है। दोनों ही बदमाश झज्जर जिला का रहने वाले हैं तथा उनका आपराधिक रिकार्ड खासा चौकाने वाला है। बदमाशों को साबन पुल के निकट से लूट की
साजिश रचते हुए बीती रात सीआईए पुलिस ने काबू किया। जसवीर और वीरेंद्र के पास से पिस्तौल व जिंदा कारतूस भी मिले हैं। रिमांड पर लेकर पुलिस बदमाशों से लगातार पूछताछ कर रही है।
लुटेरों को दबोचने के लिए पुलिस दे रही थी दबिश
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या आठ स्थित ओढ़ी कट के निकट 24 जनवरी को तड़के 4 बजे हथियारों से लैस होकर आए दो बदमाशों ने पूर्व मंत्री व इनेलो व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष गोयल के पेट्रोल पंप से 3 लाख 52 हजार की नकदी लूट ली थी। नकाबपोश बदमाशों ने कर्मचारियों को डराने के लिए पंप पर दो राउंड फायर भी किए थे। पुलिस लगातार बदमाशों को दबोचने के लिए दबिश दे रही थी। बीती रात सीआईए पुलिस को सूचना मिली कि दो बदमाश साहबी पुल के निकट पेट्रोल पंप लूटने की साजिश रच रहे हैं। एएसआई नरेंद्र ने अपनी टीम के साथ पुल के नीचे दबिश देकर दोनों बदमाशों को रंगे हाथों दबोच लिया। बदमाशों की पहचान झज्जर जिला के गांव हुमांयुपुर निवासी जसबीर उर्फ जस्सु व लाडपुर गांव निवासी वीरेंद्र उर्फ अडिया के रूप में हुई है। उनके पास से पुलिस को दो 32 बोर की पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस व बाइक बरामद हुई है। पूछताछ के दौरान बदमाशों ने पूर्व मंत्री के पेट्रोल पंप पर लूट करने के साथ ही आठ अन्य वारदातों का भी खुलासा किया है।
झज्जर, राजस्थान में भी वारदात
वारदातें सिर्फ रेवाड़ी में ही नहीं बल्कि झज्जर व राजस्थान में भी की गई। बदमाशों ने झज्जर के ही एक शराब ठेके से
भी 25 हजार की लूट की। बदमाशों की पहचान करने में पुलिस के लिए सीसीटीवी फुटेज खासे मददगार साबित हुए। जिला के पेट्रोल पंपों पर हुई लूट की वारदातों के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो लगभग सभी वारदातों में ये दोनों बदमाश ही सामने आए।
पहले रेकी, फिर वारदात
किसी भी वारदात को अंजाम देने से पूर्व दोनों बदमाश संबंधित पेट्रोल पंप पर दो तीन दिन तक रैकी करते थे। बदमाशों को अगर किसी पेट्रोल पंप पर गार्ड होने की सूचना मिलती तो वे हथियारों से लैस होकर वारदात को अंजाम देने के लिए आते थे।कर्मचारियों को डराने के लिए बदमाश गोलियां बरसानी शुरू कर देते थे।
भगौड़ा है आरोपी जसबीर - दबोचे गए बदमाश जसबीर उर्फ जस्सु व वीरेंद्र उर्फ अडिया कई जिलों की पुलिस के लिए वांछित रहे। साल्हावास पुलिस ने लूट के जसबीर को भगौड़ा घोषित होने का केस दर्ज कर रखा है। वीरेंद्र भी धोखाधड़ी का आरोपी है।



रिकवरी के लिए चल रही पूछताछ : एसपी

एसपी पंकज नैन ने बताया कि बदमाशों से लूट की रकम बरामदगी के लिए पूछताछ चल रही है। गिरोह में और कितने बदमाश शामिल हैं इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है।

बदमाशों ने इन वारदातों को कबूला

24 जनवरी 2014 को ओढ़ी पेट्रोल पंप से लूटे 3 लाख 52 हजार रुपए।

19 अगस्त 2013 को कोसली- धारोली रोड पर दो पेट्रोल पंपों से लूटे 17 हजार।

24 अगस्त 2013 को बावल- प्राणपुरा रोड पर पेट्रोल पंप से की लूट।

17 सितंबर 2013 को मूंदी पेट्रोल पंप से लूटे 17 हजार।

15 अक्टूबर 2013 को करनावास पेट्रोल पंप से लूटे 40 हजार।

झज्जर व अलवर बाइपास पर भी दो पेट्रोल पंपों पर की बदमाशों ने लूट।



मंत्री के पेट्रोल पंप पर लूट सहित आठ वारदातों को कबूला, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान