पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • बरवाला में रहा ब्लैक आउट, नहीं मिले लाइनों के फाल्ट

बरवाला में रहा ब्लैक आउट, नहीं मिले लाइनों के फाल्ट

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
ञ्च क्षेत्र के सभी गांवों में बत्ती गुल रही
बरवाला - हरियाणा कर्मचारी तालमेल कमेटी के आह्वान पर शुरू हुई कर्मचारियों की हड़ताल का क्षेत्र में काफी असर देखने को मिल रहा है। क्षेत्र में बिजली सप्लाई प्रभावित करने के लिए हड़ताली कर्मचारी ने कई स्थानों पर बिजली की लाइनों में फाल्ट किए हुए हैं। बिजली निगम के एसडीओ निरंजन सिंह व उनकी टीम लगातार ये फाल्ट ढूंढ कर बिजली सप्लाई दुरुस्त करने की कोशिश कर रही है लेकिन हड़ताली कर्मियों द्वारा किए गए फाल्ट ड्यूटी पर तैनात बिजली कर्मियों को नहीं मिल रहे हैं। इसके चलते जहां शहर में बार-बार बिजली की सप्लाई प्रभावित हो रही है वहीं क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांवों में पिछले दो दिन से बत्ती गुल है। गांवों में बिजली की सप्लाई नहीं होने के चलते पेयजल की सप्लाई भी नहीं हो पा रही है। हड़ताल में कनिष्ठ अभियंताओं से लेकर लाइनमैन तक शामिल हैं। ठेकेदार द्वारा रखे गए व नवनियुक्त कर्मियों की सहायता से बिजली के फॉल्ट को ठीक किया जा रहा है। लेकिन कर्मियों की संख्या कम होने के चलते बिजली सप्लाई को दोबारा पटरी पर लाने के कार्य ने निगम के अधिकारियों के सर्दी के मौसम में भी पसीने छुड़ाए हुए हैं। यहां दस नए बिजली कर्मचारी व ठेकेदार के आधा दर्जन कर्मी मोर्चा संभाले हुए रहे।



हड़ताली कर्मचारी लगातार डालते रहे फाल्ट

हांसी - अपनी मांग मनवाने को हड़ताल पर गए कर्मचारी बिजली की आपूर्ति ठप करने को हर कोशिश करते रहे। जिन दुक्का दुक्का इलाकों में बिजली आ भी रही थी वह चुपचाप फाल्ट कर देते। इससे उस इलाके की भी बिजली चली जाती। एक्सईएन केडी बंसल ने बताया कि जो बिजली कर्मचारी हड़ताल पर हैं वह फाल्ट डाल रहे हैं। इससे पेट्रोलिंग टीम की पकड़ में नहीं आ पाते हैं। उमरा, मसूदपुर, 33 केवी मुढ़ान की लाइन में हड़ताली कर्मचारियों ने फॉल्ट किए हैं। वह लोग पकड़ में नहीं आ रहे हैं, इस कारण उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हो पा रही है।

कहां जाएं - बिजली सुचारू कराने को पहुंचे लोगों को कहते रहे अधिकारी

फाल्ट बताओ आ जाएगी बिजली

भास्कर न्यूज - हांसी।

बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बिजली न आने से परेशान लोग अपने-अपने इलाके में बिजली आपूर्ति कराने के लिए बिजली निगम के कार्यालयों में चक्कर काटते रहे। बिजली निगम के अधिकारियों को बताते कि बिना बिजली के वह कुछ नहीं कर पा रहे हैं। लेकिन दफ्तरों अथवा सब स्टेशन पर मौजूद कर्मचारी हड़ताल के कारण अपने हाथ खड़े कर देते। अधिकारी के पास शिकायतकर्ता पहुंचता तो वह उनसे फाल्ट बताने की गुहार करते और कहते फाल्ट बता दोगे तो लाइट ठीक करा दी जाएगी।

दोपहर करीब साढ़े तीन बजे मॉडल टाउन निवासी मास्टर हरिसिंह यादव, पंकज और बलदेव यादव आदि लोग बिजली की समस्या को लेकर एक्सईएन से मिलने भिवानी रोड स्थित बिजली निगम के कंट्रोल रूम पहुंचे। वहां मौजूद एक्सईएन केडी बंसल को बताया कि उनके मोहल्ले में कल से लाइट नहीं आ रही है। कॉलोनी के कुछ हिस्से में बिजली आ रही है। बिजली के बिना उनके घरों में पानी भी नहीं है। एक्सईएन ने उनको बताया कि यहां से तो बिजली चालू है, हड़ताल पर गए कर्मचारी फाल्ट कर रहे हैं। यदि आपको पता हो कहां फाल्ट कहां है तो टीम भेजकर उसे ठीक करा देंगे।