- Hindi News
- गणतंत्र दिवस के लिए रिहर्सल करने वाली छात्राओं को मिली टाट पट्टी
गणतंत्र दिवस के लिए रिहर्सल करने वाली छात्राओं को मिली टाट-पट्टी
भास्कर न्यूज - हांसी।
कंपा देने वाली ठंड में गीली जमीन पर बैठ कर पीटी करने वाली छात्राओं के लिए गुरुवार का दिन राहत भरा रहा। दैनिक भास्कर में छपी खबर का संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग सतर्क नजर आया। खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश यादव ने पीसीएसडी स्कूल से टाट पट्टी मांग कर छात्राओं को उपलब्ध करवाई। पिछले कई दिनों से ठंडी जमीन पर बैठकर प्रैक्टिस कर रही छात्राओं ने गुरुवार को टाट पट्टी पर बैठ कर पीटी की।
गौरतलब है कि गणतंत्र दिवस की तैयारियों को लेकर पीसीएसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में छात्राएं जमीन पर बैठ कर रिहर्सल कर रही थी। इसके चलते कई छात्राओं की तबियत बिगड़ गई थी। दैनिक भास्कर ने इस खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद संज्ञान लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने संबंधित अध्यापकों से जवाब तलब किया है। वहीं उन्हें हिदायत भी जारी कर दी गई है कि आगे से कोई भी छात्र अथवा छात्रा गीली जमीन पर बैठ कर पीटी नहीं करेगी।
रिफ्रेशमेंट भी दिया जाएगा
बीईओ ने बताया कि छात्राओं को रिफ्रेशमेंट भी दिया जाएगा। इसके लिए प्रयास शुरू कर दिए गए हैं और उच्च अधिकारियों को लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही ऊपर से इसकी मंजूरी मिल जाएगी।