गेहूं की फसल पर दीमक की मार
तोशाम - गेहूं की फसल पर अब दीमक की मार गिरने लगी है। इससे परेशान क्षेत्र के किसानों ने बार-बार दवा के छिड़काव के बाद भी कोई असर नहीं दिख रहा। इससे परेशान किसानों ने कृषि विभाग से दीमक की रोकथाम के लिए कारगर दवा बताने की अपील की। किसान सतबीर, अमित, सुधीर, महेंद्र, रमेश, सुनील आदि का कहना है कि दीमक की वजह से उनके गेहूं की फसल वाले खेत खाली हो गए। इससे गेहूं के उत्पादन पर बुरा असर पड़ेगा। किसानों ने बताया कि इस बार गेहूं की सही समय पर बिजाई की गई थी और अच्छी फसल होने की संभावना थी। मगर इस समय इस फसल में लगी दीमक की बीमारी ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। इसलिए किसानों ने इस मामले में कृषि विभाग के अधिकारियों से उनके खेतों का दौरा कर इस बीमारी से निजात दिलाने की मांग की है। खंड कृषि अधिकारी मोहनलाल ने बताया कि किसानों को क्लोरो दवा को बालू मिट्टी में मिलाकर उसका छिड़काव करना चाहिए। इसके बाद किसानों को अपनी फसल में सिंचाई करनी चाहिए। इससे बीमारी से छुटकारा मिल जाएगा।