- Hindi News
- व्यवस्था परिवर्तन के लिए आगे आएं युवा : बेनीवाल
व्यवस्था परिवर्तन के लिए आगे आएं युवा : बेनीवाल
भास्कर न्यूज - मंडी आदमपुर
आजादी के 66 वर्षों के बाद भी आम आदमी से जुड़ी आधारभूत आवश्यकताओं की पूर्ति अभी तक नहीं हुई है। देश में बिगड़ी व्यवस्था को बदलने के लिए अब युवाओं को आगे आना होगा।
यह बात युवा न्याय संघ के संयोजक भूपेंद्र बेनीवाल ने ‘जागो हरियाणा जागो’ जनचेतना रैली को रवाना करते हुए कही। बेनीवाल ने कहा कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य प्रदेश की राजनीति में ईमानदार छवि के नेताओं व युवाओं को आगे लाना है। उन्होंने कहा कि छात्रसंघ चुनावों की बहाली हो, मेरिट के आधार पर नौकरियां मिले व परिवारवाद जैसी कुरीतियां खत्म हो। उन्होंने कहा कि प्रदेश से परिवारवाद व जातिवाद की राजनीति का खात्मा होना चाहिए। किसानों को उनकी फसल के लाभकारी मूल्यों के अलावा आत्मनिर्भर बनाने के उपाय होने चाहिए। बेलगाम अफसरशाही पर लगाम लगनी चाहिए क्योंकि अफसरों के नकारात्मक रवैये के कारण आम जन को भटकना पड़ता है। यात्रा महाश्रमण चौक से क्रांति चौक, मेन बाजार, नई अनाज मंडी, एडिशनल मंडी, बोगा मंडी होती हुई गांव बालसमंद पहुंची। इस मौके पर राजबीर सिंधु, सरपंच निरंजन बेनीवाल, राममेहर दनोदा, जिलाध्यक्ष रणबीर लोहान, दलीप सिरसा, अनूप मुकलान, कैलाश गढ़वाल, अनिल भादू, इंद्र निरवाण, अशोक मोर, सुरेंद्र हैबतपुर, मानसिंह मौजूद थे।