- Hindi News
- इनेलो ने निकाला कैंडल मार्च घेरा विधायक का आवास
इनेलो ने निकाला कैंडल मार्च घेरा विधायक का आवास
भास्कर न्यूज - बरवाला
बनभौरी मार्ग पर शहीद भगत सिंह एजुकेशन सोसायटी की तरफ से बनाए गए कॉलेज की इमारत निजी हाथों में सौंपे जाने के मामले में इनेलो कार्यकर्ताओं ने मंगलवार शाम को शहर में कैंडल मार्च निकाला।
कैंडल मार्च का समापन विधायक रामनिवास घोड़ेला के राजधानी कॉलोनी स्थित आवास पर किया गया। यहां इनेलो कार्यकर्ताओं ने विधायक के आवास का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। इससे पहले इनेलो कार्यकर्ता अग्रसेन धर्मशाला में एकत्रित हुए। यहां सभा करने के बाद इनेलो के जिलाध्यक्ष उमेद लोहान, शीला भ्याण, हलका अध्यक्ष सत्यवान बिचपड़ी, शहरी अध्यक्ष वेद नारंग की अगुवाई में कार्यकर्ता कैंडल मार्च निकालते हुए विधायक घोड़ेला के आवास पर पहुंचे। यहां विधायक रामनिवास घोड़ेला मौजूद नहीं थे। इनेलो कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष उमेद लोहान ने कहा कि कॉलेज की जमीन शहर के लोगों को सौंपी जानी चाहिए ताकि क्षेत्र के लोग इसका सदुपयोग कर सकें। इनेलो कार्यकर्ताओं ने कहा कि मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए।
ये थे प्रदर्शन में शामिल
प्रदर्शनकारियों में युवा इनेलो के जिलाध्यक्ष अशोक पूनिया, डॉ. अनंत राम, प्रवीन सैनी, अनिल सोरखी, डॉ. सुभाष सैनी, जयसिंह राजली, मुनीश गोयल, राजेश मनूजा, रवि सरदाना, धीरा जाट, अनिल बालकिया, दीपुराम मेहंदीरता, सुभाष आहूजा, सोमनाथ बजाज, रामप्रकाश, केवल कृष्ण, सत्यवान राजली, इनेलो लीगल सेल के प्रदेश महासचिव हरिसिंह बूरा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे।
वक्फ बोर्ड और पालिका की जमीन बेचे जाने का मामल
बरवाला. शहर में कैंडल मार्च निकालते इनेलो के पदाधिकारी और कार्यकर्ता।
यह है मामला
शहीद भगत सिंह एजुकेशन सोसायटी ने वक्फ बोर्ड से बनभौरी मार्ग पर कॉलेज बनाने के नाम पर जमीन लीज पर ली थी। बताया गया था कि जमीन में नगर पालिका की भी 21 कनाल 3 मरले जमीन है। सोसायटी के तत्कालीन अध्यक्ष पूर्व सांसद जयप्रकाश ने जमीन पर लोगों से चंदा लेकर 24 कमरों का निर्माण करवाया था। आरोप है कि अब सोसायटी ने इस जमीन को निजी हाथों में सौंप दिया है। वक्फ बोर्ड ने सोसायटी को 1 मार्च 2001 में 8 हजार रुपये मासिक किराये की दर से 54 कनाल जमीन लीज पर दी थी।