- Hindi News
- 26 जनवरी को रखा ट्रांसफार्मर भी एक घंटे बाद ही धमाके के साथ फट गया
26 जनवरी को रखा ट्रांसफार्मर भी एक घंटे बाद ही धमाके के साथ फट गया
भास्कर न्यूज - जुई
जुई बिचली के तालाब के पास लगते 150 घरों में अक्सर अंधेरा छाया रहता है। इन घरों के लिए रखा ट्रांसफार्मर एक दिन से ज्यादा बिजली नहीं दे पाया। इन घरों के लिए तालाब के पास रखा ट्रांसफार्मर लगभग 50 से भी अधिक बार जल चुका है। 26 जनवरी को रखा ट्रांसफार्मर एक घंटे बाद ही धमाके के साथ फट गया।
इससे कई ग्रामीण उबलते तेल और आग की लपटों से बाल बाल बच गए। साथ में खड़े पीपल और बड़ के पेड़ आग की लपटों में बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों को बिजली नहीं मिलने से भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पर विभाग हर बार खानापूर्ति कर अपना पल्ला झाड़ लेता है। ग्रामीणों ने बिजली निगम के अधिकारियों से इस समस्या का स्थाई समाधान की गुहार लगाई है। जुई बिचली निवासी विनोद कुमार, राजबीर सिंह, विजय कुमार, राजेश कुमार, रामचंद्र, मांगेराम, होशियार सिंह, रामफल सिंह, पतराम, चतरसिंह, जयपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, बलवंत सिंह, मीरसिंह, सतपाल सिंह, वेदप्रकाश, रमेश कुमार, नरेश रापडिय़ा, मनोज कुमार, नरेंद्र सिंह ने बताया कि जुई बिचली में तालाब के पास गांव के लिए रखे ट्रांसफार्मर पर हद से ज्यादा लोड है। यह ट्रांसफार्मर पिछले दो सालों में 50 से भी अधिक बार जल चुका है। बिजली की आपूर्ति सुचारू करने के लिए बिजली निगम के अधिकारी स्थाई समाधान नहीं कर रहे। हर बार काम चलाऊ काम कर जाते हैं। इससे ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर खराब हो जाता है। 26 जनवरी को रखा ट्रांसफार्मर एक घंटे बाद ही धमाके के साथ फट गया। ट्रांसफार्मर का उबलता तेल दूर दूर जाकर गिरा और आग लग गई। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब के पास त्रिवेणी का पौधा भी बिजली निगम की लापरवाही की भेंट चढ़ गया। पीपल और बड़ के पेड़ बुरी तरह से झुलस गए। ग्रामीणों ने बताया कि बिजली निगम के अधिकारियों से यहां दो ट्रांसफार्मर रखने की मांग की है ताकि बिजली की आपूर्ति हो सके ।