- Hindi News
- शिक्षक समय पर न आने से खफा हो स्कूल को जड़ा ताला
शिक्षक समय पर न आने से खफा हो स्कूल को जड़ा ताला
तोशाम - छपार जोगियान के सरकारी स्कूल में अध्यापक समय पर नहीं आ रहे। इसके विरोध में मंगलवार को ग्रामीणों ने स्कूल को ताला लगा दिया। इसकी सूचना मिलने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने लोगों को समझाकर ताला खुलवाया। सरपंच हाकिम सिंह ने बताया कि सरकारी स्कूल के लगने का समय सुबह नौ बजे का है। मगर, यहां नियुक्त अध्यापक 10:10 बजे तक आते हैं। उन्हें कई बार समय पर आने के लिए कहा जा चुका है, मगर इसके बावजूद वे समय पर नहीं आ रहे। मंगलवार को उन्होंने विरोधस्वरूप ताला लगा दिया। सूचना पाकर बीईईओ जयपाल फौगाट मौके पर आए और ग्रामीणों की बात सुनते हुए कहा कि वे देरी से आने वाले अध्यापकों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। ग्रामीणों ने उन्हें चेताया कि अगर उनकी समस्या हल नहीं हुई तो वे फिर ताला लगा देंगे।