- Hindi News
- युवक ने फांसी लगा दी जान, सुसाइड नोट में महिला पर आरोप
युवक ने फांसी लगा दी जान, सुसाइड नोट में महिला पर आरोप
भास्कर न्यूज - बरवाला
हांसी-जींद मार्ग पर बंसल अस्पताल के सामने एक युवक ने कोचिंग सेंटर के चौबारे के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। अस्पताल के नजदीक ही चाय की दुकान चलाने वाले 26 वर्षीय राममेहर ने अपनी मौत से पहले एक सुसाइड नोट भी लिखा है। इस सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार एक महिला को ठहराया।
पुलिस ने राममेहर के सुसाइड नोट को आधार मानते हुए मृतक के भाई रविंद्र के बयान पर मध्यप्रदेश निवासी और इन दिनों मोती लुहार वाली गली में रह रही ममता के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। राममेहर द्वारा लिखे गए सुसाइड नोट में कहा गया है कि महिला ममता उसे पिछले दिनों से ब्लैकमेल कर रही थी। ब्लैकमेलिंग के चलते उसने अपनी मां, भाई व बहन को भी छोड़ दिया था। वह ममता की ब्लैकमेलिंग से काफी परेशान था इसलिए उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। महिला के बारे में पुलिस को जानकारी राममेहर द्वारा सुसाइड नोट में लिखे ममता के मोबाइल नंबर से मिली। पुलिस को दिए बयान में रविंद्र ने कहा है कि उसके भाई राममेहर के यहां ममता का आना जाना था। राममेहर अविवाहित था तथा वह पिछले कई दिनों से यहां चाय की दुकान चला रहा था।
सुबह मिली जानकारी
राममेहर ने कोचिंग सेंटर के रूम में बुधवार रात को ही पंखे में कपड़ा डालकर फांसी लगा ली थी। उसकी चाय की दुकान सेंटर के नजदीक ही है। वह अक्सर कोचिंग सेंटर का इस्तेमाल करता रहता था। गुरुवार सुबह जब कोचिंग सेंटर के संचालक मौके पर पहुंचे तो उन्होंने राममेहर को फंदे पर लटका देखा। उन्होंने इसकी जानकारी आसपास के लोगों व पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर छानबीन की। पुलिस को राममेहर के कपड़ों से एक सुसाइड नोट व अन्य सामान मिला। यही नहीं उसके बैग से महिला ममता के पहचान पत्र व चिकित्सक की मेडिकल रिपोर्ट भी मिली। फिलहाल पुलिस ने मामले के संबंध में ममता के कुछ परिजनों को हिरासत में लिया है।