पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • हांसी और बरवाला में चोरों का कहर

हांसी और बरवाला में चोरों का कहर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - बरवाला
बरवाला में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। चोरों ने अब शहर के वार्ड 4 में एक मकान का ताला तोड़कर सामान पर हाथ साफ कर दिया। गनीमत यह रही कि मकान मालिक देवराज मुंजाल जब घर से पूना गए तो वे अपने साथ घर में रखे जेवरात व नकदी ले गए। पुलिस ने मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचकर छानबीन की। अभी यह सामने नहीं आ पाया है कि चोर कितना सामान उठा कर ले गए हैं।
देवराज मुंजाल 25 जनवरी को अपने बच्चों से मिलने के लिए पूना गए थे। गुरुवार सुबह उनके भांजे अतुल जावा को मकान के पड़ोसियों ने बताया कि मुंजाल के घर की लाइट ऑन है। अतुल ने छत के ऊपर से जाकर देखा तो घर का सारा सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस को दी। मुंजाल से मोबाइल पर की गई बातचीत में उन्होंने बताया कि वे नकदी व जेवरात अपने साथ ही ले गए थे। शहर में चोरी की बढ़ रही वारदातों को पुलिस द्वारा नहीं सुलझाने के विरोध में 27 जनवरी को इनेलो व दुकानदारों ने बंद का आह्वान किया था। दुकानदारों द्वारा शहर के बंद किए गए बाजारों को खुलवाने के लिए एसपी मितेश जैन स्वयं यहां पहुंचे थे। उन्होंने बरवाला में दो पीसीआर तैनात करने की बात कही थी। जिसके बाद अब पुलिस की दो पीसीआर रात को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर रही हैं।
चोरी के दो आरोपी काबू
पुलिस ने गांव खरक पूनिया में एक मिष्ठान भंडार से सामान चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खरक पूनिया निवासी आरोपी धोलू व काला से दो गैस सिलेंडर भी बरामद किए हैं। बता दें कि 16 जनवरी को गांव खरक पूनिया में मदन लाल की मिठाइयों की दुकान से चोरों ने ताला तोड़कर गैस सिलेंडर व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए धोलू व काला को काबू किया।
नारनौंद में चोरी का प्रयास करने पर तीन गिरफ्तार
नारनौंद - नारनौंद कस्बे के मेन बाजार में मोबाइल शॉप में चोरी का प्रयास करने के आरोप में पुलिस ने कस्बे के ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इस बारे में पुलिस को दी शिकायत में खेड़ी चौपटा निवासी सुनील सनेजा ने बताया कि वो नारनौंद के मेन बाजार में गुरु कृपा मोबाइल के नाम से दुकान चलाता है। आरोप है कि बुधवार शाम को वो अपनी दुकान बंद करके घर चला गया था। इसके बाद रात करीब 1 बजे उसके पास किसी व्यक्ति का फोन आया और उसने बताया कि उसकी दुकान के ताले टूटे हुए हैं। बाद में सुनील सनेजा ने मौके पर पहुंच कर दुकान को संभाला तो पता चला कि किसी ने उसकी दुकान में चोरी का प्रयास किया है। जांच के दौरान पुलिस को इस वारदात में नारनौंद के अमित, संजू उर्फ शंटी और सीताराम के शामिल होने के बारे में पता चला। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया।



बरवाला के वार्ड चार में मकान से जेवरात और नकदी पर चोर कर गए हाथ साफ