एफसीसी : राशन के लिए अंतिम जांच शुरू
भास्कर न्यूज - सोनीपत
खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक पीके शर्मा व जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार ने डीएफएससी कार्यालय में बुधवार को जिले के डिपो होल्डर्स की मीटिंग ली। मीटिंग में डिपो होल्डर्स को एनएफएसए के तहत प्रायरिटी हाउस होल्ड बेनीफिशियरी के सत्यापन का निर्देश दिया गया। इस सत्यापन के बाद सीधे तौर पर लाभपात्रों को राशन मिलने लगेगा।
डीएफएससी ने मुख्य चार बिंदुओं पर डिपो होल्डर्स का ध्यान केंद्रित किया। जिसमें सत्यापन, डिसप्ले, वितरण प्रणाली और आधार की अनिवार्यता शामिल है। ये सभी कार्य महीने के अंत तक करने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यापन करने में जिस उपभोक्ता ने राशन के लिए क्लेम किया है, उसकी दोबारा जांच करना। अगर किसी ने गलत किया है, तो उसका नाम काटना आदि शामिल है।
डिसप्ले के तहत सभी डिपो होल्डर्स को अपनी दुकान पर अपने रिकार्ड संबंधित लिस्ट लगानी होगी। जिसमें राशन कार्डों की संख्या, स्टॉक आदि का ब्यौरा देना है। जबकि वितरण प्रणाली के तहत यूनिट के आधार पर मिलने वाले अनाज का गुणा भागकर लोगों को उसके बारे में बताना, ताकि उन्हें मालूम पड़ सके कि उन्हें कितना अनाज मिलेगा।
राशन वितरण के समय उपभोक्ताओं का आधार कार्ड भी सबमिट कराया जाना चाहिए, ताकि आधार प्रक्रिया को बल मिल सके। बैठक में जिले के 394 डिपो होल्डर्स ने हिस्सा लिया।
ऐसे होगी प्रक्रिया संपन्न
पिछले दिनों डीसी सोनीपत ने जिले को 19 जोन में विभाजित कर अलग-अलग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई थी। जिसमें ग्रामीण क्षेत्रों में बीडीपीओ, सरपंच, नायब तहसीलदार व तहसीलदार सहित विभिन्न अधिकारियों को नियुक्त किया गया था। जबकि शहरी इलाके में नगर परिषद के ईओ और पार्षदों के जिम्मे व्यवस्था छोड़ी गई थी। उसके अनुरूप डिपो होल्डर्स को संबंधित अधिकारी से वेरिफाई कराते हुए कार्यालय को सौंपेगा। डीएफएससी के हस्ताक्षर और मोहर में बाद लाभार्थी को राशन मिलेंगे।
सोनीपत. डिपो होल्डर्स की मीटिंग लेते डीएफएससी पीके शर्मा व डीएफएसओ राजेश।