नौ बसें कंडम, लोकल सर्विस हुई कम
भास्कर न्यूज - सोनीपत
हरियाणा रोडवेज सोनीपत डिपो की नौ बसे कंडम घोषित कर दी गई हैं। इन बसों को सड़क से हटा दिया गया है। इससे खासकर लोकल रूट्स की सवारियों की परेशानी बढ़ गई है।
बस स्टैंड पर सवारियां बसों का इंतजार करती रहती हैं। उन्हें पहले की अपेक्षा अब बस देर से मिलती है। इसके लिए 50 मिनट तक अधिक इंतजार करना पड़ रहा है। मजबूरी में लोगों को निजी वाहनों में लटककर सफर करना पड़ रहा है।
सोनीपत डिपो की 159 बसें लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचाती हैं। इनसे औसतन 10 लाख रुपए का राजस्व जमा हो रहा है। सवारियों के हिसाब से ये बसें भी बहुत कम हैं। रोडवेज कर्मचारियों के मुताबिक मुसाफिरों का आंकलन करें तो बसों की संख्या 220 कम से कम होनी चाहिए। मुसाफिर बढ़ रहे हैं और बसें घट रही है। जिस कारण परेशानी का सामना चालक-परिचालकों के अलावा सवारियों को करना पड़ता है। चालक सुरेश, सुनील, जगमोहन का कहना है कि लोगों को लगता है कि चालक-परिचालक जान बूझकर बस देरी से चलाते हैं। निर्धारित स्टॉपेज से बस भर जाती है। ऐसे में लोकल अड्डों से सवारी लेने की जगह नहीं रहती। घंटों इंतजार करने के बाद लोकल अड्डों पर खड़ी सवारियां जाम लगा देती हैं और चालक-परिचालक से लोग झगड़ा भी
करते हैं।
गोहाना जाने वाले जितेंद्र, रामकुमार, दीपक, राजीव बताते हैं कि गोहाना के लिए निजी वाहन पकडऩे पड़ते हैं। बस जितनी देर में चलती है उस समय में गोहाना पहुंच जाते हैं। यदि बस सर्विस बेहतर रहे तो लोग रोडवेज बस में सफर कर खुश रहे।
लोकल सवारियों की बढ़ी समस्या, ५० मिनट तक करना पड़ता है इंतजार
॥ बसों की संख्या कम होने से परेशानी बढ़ी है। नौ बसें कंडम हो गई हैं। रोडवेज में जो व्यवस्था है उसके मुताबिक बसों को चलवा रहा हूं।’’
प्रकाश, डीआई, हरियाणा रोडवेज सोनीपत डिपो।