अधिकारी बोले, हड़ताल के बाद होगा काम
भास्कर न्यूज - सोनीपत
हड़ताल के कारण अधिकारी इस कदर बेबस हैं कि आमजन की समस्याओं का समाधान अब उनके वश में नहीं है। वैकल्पिक व्यवस्था का दावे कहीं भी नहीं दिख रहे। लोग जब शिकायत लेकर जा रहे हैं तो उन्हें हड़ताल समाप्त होने तक इंतजार करने को कहा जा रहा है। बुधवार को इस व्यवस्था से परेशान कबीरपुर वासियों ने प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि कबीरपुर में तीन दिन से बिजली नहीं है। रोजमर्रा के काम नहीं हो पा रहे हैं। पानी की सप्लाई ठप पड़ी है।
दोपहर बाद कबीरपुरवासी एकत्र होकर बिजली निगम के एसई वीएस मान से मिलने पहुंचे। स्थानीय लोगों के मुताबिक अधिकारी ने उनकी समस्या को तो सुना, लेकिन समाधान की जब बात आई तो अपने हाथ खड़े कर दिए। वे बोले कि अभी कुछ नहीं हो सकता। समस्या के समाधान बाबत तभी सोचा जाएगा, जब हड़ताल खत्म होगी। अधिकारी के इस असहयोगात्मक रवैये से निराश लोगों ने प्रदर्शन कर अपना रोष प्रदर्शित किया।