सीमा आंतिल व अमित को मिला भीम अवार्ड
भास्कर न्यूज - सोनीपत
भीम अवार्ड, प्रदेश का सर्वोच्च खेल सम्मान। जिसे पाने के लिए खिलाडिय़ों ने जितना मैदान में पसीना बहाया, उससे कहीं अधिक बाहर शासन-प्रशासन को अपील करने में बहाया। आखिरकार प्रतिभा की जीत हुई और दो बार की ओलंपियन सोनीपत की सीमा आंतिल व पेरा एथलीट अमित सरोहा ने भी अब अपने नाम के आगे भीम अवार्ड विजेता लिखने का अधिकार हासिल कर लिया।
राजभवन में बुधवार को राज्यपाल जगन्नाथ पहाडिय़ा के हाथों उन्हें यह पुरस्कार मिला। इस सम्मान से सीमा व अमित ही नहीं उनके परिजन बेहद खुश है। सीमा के पति अंकुश पुनिया ने कहा कि इस अवार्ड से सीमा और लग्न से राष्ट्रमंडल एवं एशियाई खेलों की तैयारी करेगी। वहीं अमित के भाई सुमित ने कहा कि अमित का सम्मान पेरा एथलीट वर्ग का सम्मान है। इससे खेलों को और बढ़ावा मिलेगा। अवार्ड समारोह में साथ रहे डीएसओ लोकमणि त्यागी ने भी खिलाडिय़ों को बधाई दी है।
आठ साल का इंतजार हुआ खत्म
आठ साल से निरंतर मैं इस अवार्ड के लिए आवेदन कर रही थीं, लेकिन हर बार किसी न किसी कारण उसे निरस्त कर दिया जाता था। इसकी शिकायत भी की गई, लेकिन कहते हैं कि प्रतिभा को ज्यादा समय रोक नहीं सकते। आखिरकार मुझे भी अपने हरियाणा का यह सम्मान मिल ही गया। यह बहुत बड़ा सम्मान है। बावजूद इसके दुखद पहलू यही है कि मेरी पदोन्नति अभी तक नहीं हो सकी है, यह तब है जब प्रदेश के मुखिया भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने घोषणा की हुई है। इस अवार्ड के मिलने से मेरा उत्साह बढ़ा है तथा मेरी कोशिश होगी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और देश का नाम रोशन करूं।
सीमा आंतिल, एथलीट ((राष्ट्रमंडल खेलों में चक्का फेंक में दो बार की कांस्य पदक विजेता))
जब हादसा हुआ था, तब मैंने सोचा नहीं था कि यहां तक सफर तय करूंगा। राज्य, अंतरराष्ट्रीय और फिर ओलंपिक में देश की ओर से भाग लेना और पदक जीतना यकीनन खास अनुभव है। पहले अर्जुन अवार्ड और अब भीम अवार्ड विजेता बनकर मैं बहुत खुश हूं। मेरा यह अवार्ड युवाओं को समर्पित है, खास वे युवा जो विभिन्न हादसों में विकलांग हो जाते हैं, उन्हें चाहिए कि वे हताश होने के बजाए खुद में आत्मविश्वास जगाएं और आगे बढ़ें। मेरी भी कोशिश भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने की होगी।
अमित सरोहा, पेरा एथलीट ((एशियाई खेलों में चक्का फेंक में पदक विजेता))।
अमित सरोहा
मेरा अवार्ड युवाओं को समर्पित
सोनीपत. सीमा आंतिल पति अंकुश के संग अवार्ड दिखाते हुए।