- Hindi News
- दस प्रतिशत अब बची है दुकानदारी, उतरे सड़क पर
दस प्रतिशत अब बची है दुकानदारी, उतरे सड़क पर
भास्कर न्यूज - सोनीपत
शहर के मुख्य बाजार सुभाष चौक से गुरुद्वारा रोड के दुकानदार इन दिनों काफी परेशान हैं। उनकी परेशानी की वजह है नगर परिषद द्वारा यहां बनाई जा रही सड़क के काम की धीमी गति। साथ ही अवरोधक लगाकर रास्ते को बंद कर दिया है।
दुकानदारों का कहना है कि रास्ता बंद होने से उनका धंधा चौपट हो गया है। वाहन नहीं जा पा रहे हैं, इस कारण ग्राहक भी दस फीसदी ही पहुंच रहे हैं। ऐसे में दुकानों का किराया भी नहीं निकल रहा है। इसके साथ ही तीन दिन का अल्टीमेटम भी दिया कि अगर इस दौरान रास्ता सुचारू नहीं किया गया तो दुकानदार सुभाष चौक पर धरना देंगे और रोड भी जाम कर देंगे। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
कच्चे क्वार्टर मार्केट एसोसिएशन के उपप्रधान धर्मपाल ने कहा कि जो सड़क बन चुकी है, उसे भी शुरू न करना गलत है। वहीं वैभव मित्तल, अनिल जैन, राजेंद्र प्रसाद, संजय कोहली, गौरी शंकर, हंसराज, सतीश भारद्वाज, कपिल, राकेश, नरेंद्र कुमार, अमरदीप नाहल, धीरज, अशोक, गगन व ललित आदि दुकानदारों ने एकजुट होकर कहा कि अगर उनकी समस्या दूर नहीं हुई तो तीन दिन बाद रोड जाम करेंगे।
नहीं दिखी एकजुटता : स्थानीय दुकानदारों की योजना नप की कार्य प्रणाली के विरोध में दुकानें बंद रख प्रदर्शन करने की थी, लेकिन इस मुहिम को दुकानदारों का समर्थन नहीं मिल सका। किसी ने दुकानें बंद नहीं की। खासकर कच्चे क्वार्टर मार्केट में दुकान चलाने वाले अधिकांश दुकानदार तो इस प्रदर्शन का हिस्सा भी नहीं बने।
इसलिए परेशान हैं दुकानदार
12 दिसंबर को एक साइड का सड़क निर्माण हो गया था पूरा
इस रोड के दुकानदारों को जल्दी समस्या से मुक्ति मिलनी संभव नहीं लगती। क्योंकि नप की योजना दुकानों के आगे लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे हटाकर दुकानों के नजदीक लगाने की है, लेकिन खबर यह भी है कि नप की ओर से इसके लिए अभी तक बिजली निगम के पास आवश्यक पैसा ही जमा नहीं करवाया गया है। ऐसे में अभी इस प्रक्रिया को पूरा होने में महीनों का समय लगेगा। वहीं नप द्ववारा दुकानों के छज्जे भी तोड़े जाएंगे।
समस्या अभी आगे भी रहेगी जारी...
॥ सड़क निर्माण प्रक्रिया शहरवासियों के लिए हैं। स्थानीय दुकानदारों को मौजूदा समय में नप का सहयोग करना चाहिए। अभी की जल्दबाजी भविष्य के लिए नुकसान का कारण बन सकती है। दुकानदार अभी जो वे रेहड़ी वालों को अगर कुछ समय के लिए हटवा दें तो आमजन के लिए निकलने के लिए काफी जगह बन सकती है, लेकिन संभवत: इसमें लोगों के अपने हित जुड़े हैं।’’
भारत भूषण, एमई, नगर परिषद, सोनीपत।
नगर परिषद का सहयोग करें दुकानदार
नप की ओर से सुभाष चौक से गुरुद्वारा रोड तक सड़क बनाने की प्रक्रिया दिसंबर माह में शुरू की गई थी। 12 दिसंबर को एक साइड की सड़क निर्माण प्रक्रिया भी पूरी हो गई। प्रक्रिया को रफ्तार मिले, इसलिए दुकानदारों ने ही तराई के लिए पानी एवं अन्य संसाधन भी मुहैया करवाए, लेकिन बावजूद इसके अभी तक एक साइड से भी सड़क को शुरू नहीं किया गया है। इस कारण अपने वाहनों के साथ खरीदारी करने वाले ग्राहक इस रोड़ पर खरीदारी के लिए पहुंच ही नहीं रहे। वे किसी अन्य बाजार से खरीदारी कर रहे हैं, जिससे इस रोड के दुकानदारों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
सोनीपत. मार्ग के धीमे निर्माण को लेकर रोष प्रदर्शन करते दुकानदार।
सुभाष चौक मार्केट के दुकानदारों ने किया प्रदर्शन