- Hindi News
- पीढिय़ों का मार्गदर्शक है भारतीय संविधान : रणदीप
पीढिय़ों का मार्गदर्शक है भारतीय संविधान : रणदीप
भास्कर न्यूज - सोनीपत
जिले में 65वां गणतंत्र दिवस समारोह गरिमापूर्ण वातावरण में उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। जिले का मुख्य समारोह पुलिस लाइन मैदान में हुआ, जहां प्रदेश के उद्योग मंत्री रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया और संदेश में गणतंत्र का महत्व समझाया। साथ ही आह्वान किया कि आज ऐसे भारत व हरियाणा का निर्माण करना है, जो आगे बढ़कर विश्व के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।
उन्होंने कहा कि आज हम यह प्रण लेकर जाएं कि आजादी की भावना को धर्म के अंधकार से निकालकर भाईचारे के साथ मजबूत बनाएंगे। एक सुदढ़ व विकसित भारत का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान कागज का एक टुकड़ा नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों को दिशा दिखाने वाला एक पथ प्रदर्शक है। इसी संविधान ने दलित, पिछड़ों, स्त्री, पुरुषों व हर किसी को समानता का अधिकार दिया है। इस अवसर पर हरियाणा समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्षा सुमित्रा चौहान, अशोक शर्मा, हरियाणा स्वतंत्रता सेनानी संगठन की अध्यक्ष शांता जैन, डीसी डॉ. चंद्र शेखर, एसपी अरुण कुमार, एसडीएम अमित खत्री, सीटीएम नीशु सिंगल, एईओ खेल जगबीर मलिक आदि उपस्थित थे। इस मौके पर विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर काम करने वालों को सम्मानित किया गया।