चार ने युवक को पीटकर लूटी कार
सोनीपत - गांव किलोहड़द के पास एक युवक के साथ मारपीट कर चार लुटेरे उसकी कार लूटकर फरार हो गए। युवक ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी।
गांव माहरा निवासी राजीव ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शनिवार रात को अपनी कार से गांव जा रहा था। जब वह गांव किलोहड़द के पास पहुंचा तो चार युवकों ने उसकी कार को रुकवा लिया। युवकों ने उसे कार से उतरने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इस पर युवकों ने उसे धमकाकर कार से नीचे उतार दिया और कार लेकर भाग गए। जब उसने विरोध करते हुए लुटेरों को पकडऩे का प्रयास किया तो वह चोटिल भी हो गया। राजीव ने मामले से सदर थाना पुलिस को सूचित किया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पुलिस ने अज्ञात चार के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर सदर थाना प्रभारी दलबीर डांगी ने बताया कि राजीव ने पुलिस को शिकायत दी है जिस पर पुलिस टीम लुटेरों का पता लगाने के लिए प्रयास कर रही है।