- Hindi News
- पुलिस सीमा विवाद में 25 दिन बाद भी केस दर्ज नहीं
पुलिस सीमा विवाद में 25 दिन बाद भी केस दर्ज नहीं
भास्कर न्यूज - गोहाना
गोहाना बस स्टैंड से तीन युवकों ने टैक्सी किराए पर ली, 1100 रुपए भी एडवांस जमा कराए, लेकिन बुकिंग कराने वाले के दिमाग में जो योजना चल रही थी, वह टैक्सी चालक को पता नहीं थी। जागसी गांव के पास पहुंचते ही युवकों ने चालक को बंधक बना लिया।
पानीपत की उरलाना चौकी से कुछ दूरी स्थित नहर के पास उसे बेहोशी हालत में डालकर फरार हो गए। होश आया तो लोगों से पूछते-पूछते चालक चौकी में पहुंचा और बयान दर्ज कराए। इसके बाद चौकी से उसे बरोदा थाना में केस दर्ज कराने को कहा गया। पीडि़त बरोदा थाना में पहुंचा तो उन्होंने भी मामला दर्ज करने से मना कर दिया। अब वह कभी उरलाना चौकी तो कभी बरोदा थाना के चक्कर लगा रहा है। दोनों ही स्थानों पर सिर्फ एक बात कही जाती है कि एरिया उनका नहीं है। अब पीडि़त ने शिकायत एसपी और आईजी रोहतक को भेजी है।
मूलरूप खानपुर खुर्द गांव निवासी पीडि़त गुरदीप के पिता चंद्रबोस ने बताया कि गुरदीप के पास महेंद्र मैक्सिको थी, जिसे वह टैक्सी के रूप में चलाता था। छह जनवरी को बस अड्डा के पास खड़ा था। इसी बीच तीन युवक उसके पास पहुंचे और उन्होंने बुढ़ाखेड़ा गांव में जाने को कहा। गुरदीप ने 1300 रुपए किराया मांगा। जिस पर उन्होंने एडवांस के रूप में 1100 रुपए दे दिए। दो युवक पीछे की सीट व एक आगे की सीट पर बैठ गया। गोहाना से निकलते ही युवकों ने उसे बंधक बना लिया। तीनों युवकों ने गुरदीप को उरलाना के पास नहर की पटरी पर फेंक दिया और गाड़ी, 680 रुपए, आधार कार्ड, दो सिम और अन्य कागजात लेकर फरार हो गए। जब उसे होश आया तो वह उरलाना चौकी में पहुंचा और अपनी शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने फिर भी केस नहीं दर्ज किया। जिससे वह निराश है।
जब तक पुलिस मामला दर्ज कर अपनी रिपोर्ट नहीं देती, तब तक बीमा कंपनी भी पीडि़त को मुआवजा नहीं देती। चंद्रबोस का कहना है कि एक तो उनकी रोजी-रोटी छीन गई। दूसरा पुलिस उन्हें परेशान कर रही है। कभी पानीपत तो कभी सोनीपत पुलिस अधिकारियों के कार्यालय के चक्कर लगा रहा है। पुलिस है कि मामला दर्ज करने से बच रही है। उन्होंने कहा कि यदि मामला दर्ज नहीं होगा तो बीमा कंपनी से भी नुकसान की भरपाई नहीं हो पाएगी।
क्लेम भी अटक गया
छह जनवरी को बंधक बनाकर लूटी थी गाड़ी