गेटवे के बहुमंजिला हॉस्टल में लगी आग
भास्कर न्यूज - सोनीपत
गुरुवार सायं शहर के गेटवे इंजीनियरिंग कॉलेज के बहुमंजिला हॉस्टल में आग लग गई। आग से कमरे में विद्यार्थियों के रखे लैपटॉप, ड्रेस एवं अन्य जरूरी सामान जलकर राख हो गया। आग लगने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाडिय़ों ने करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अनजान फोन कॉल से आग का पता लगा : सायं करीब साढ़े पांच बजे कॉलेज चेयरमैन हरिप्रकाश मंगला के मोबाइल पर कॉल आती है कि हॉस्टल की चौथी मंजिल से धुंआ निकल रहा है। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड एवं संबंधित थाने को इसकी सूचना दी। जिसके कुछ देर बाद ही फायर ब्रिगेड की गाडिय़ा मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू हो गया। शुरुआत में फायर ब्रिगेड की टीम को आग पर काबू पाने में दिक्कत हुई, क्योंकि कमरे में धुंआ काफी था। धुंए के दबाव के कारण शीशे लगातार टूटकर गिर रहे थे। तेज गर्जना के साथ शीशों को गिरते देख विद्यार्थियों में चिंता के साथ दहशत देखी गई।
विद्यार्थियों के जल गए लैपटाप और कपड़े : इस कॉलेज में सिर्फ हरियाणा ही नहीं जम्मू कश्मीर सहित अन्य प्रदेशों के विद्यार्थी भी शिक्षा ग्रहण करते हैं। अधिकांश विद्यार्थियों के पास लैपटॉप है। हॉस्टल में आग लगने की खबर मिलने के साथ ही विद्यार्थियों का एक समूह अपने सामान की सुरक्षा की चिंता के साथ दौड़े भी, लेकिन मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने सुरक्षा को देखते हुए उन्हें रोक लिया।
विद्यार्थियों के रखे लैपटॉप, ड्रेस एवं अन्य जरूरी सामान जलकर हुआ राख
सोनीपत. गेटवे इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में लगी आग के दौरान पहुंचे पुलिस कर्मी, उनके साथ मौजूद है कॉलेज स्टाफ के सदस्य।