- Hindi News
- विद्यार्थियों के प्रयास से चेहरे पर आई रौनक
विद्यार्थियों के प्रयास से चेहरे पर आई रौनक
फोटो
भास्कर न्यूज. सोनीपत
समाज सेवा की कोई उम्र नहीं होती। दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, मुरथल के विद्यार्थी इसी बात को आगे बढ़ा रहे हैं। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए यूथ वेलफेयर फेडरेशन ने शुक्रवार को जरूरतंमद बच्चों में खुशियां बांटी। उन्होंने सवेरा स्कूल के बच्चों को कपड़ों के साथ-साथ मिठाइयां एवं पाठ्य सामग्री वितरित की। यही नहीं भविष्य में भी खुशियों का यह सिलसिला आगे बढ़े इसके लिए गिफ्ट बाक्स भी खोला गया। इस बाक्स के माध्यम से विद्यार्थी विवि के विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों से अपील करेंगे और बच्चों लिए आवश्यक सामग्री एकत्रित कर हर माह वितरित की जाएगी।
विवि के कुलसचिव आरके अरोड़ा ने इस बाक्स का शुभारंभ किया। इस मौके पर विवि के कुलपति एचएस चहल ने भी बाक्स में उपहार भेजा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर फेडरेशन के सदस्यों एवं अन्य विद्यार्थियों में काफी उत्साह दिखा। प्रतिभागियों ने कहा कि भविष्य में भी यह सिलसिला यूं ही बरकरार रहेगा। कार्यक्रम में कुलसचिव ने कहा कि शांति, सत्य, अहिंसा और मानवता के वातावरण को आज भारत ही नहीं अपितु विश्व भर में स्थापित करना है। हमें गांधी जी के दिखाए मार्ग का अनुसरण होगा। उन्होंने कहा कि हम गरीब व बेसहारा की मदद करके ही महात्मा गांधी को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। इस अवसर पर शपथ दिलाई गई की हम भारत देश का सम्मान करेगे और इसे आगे बढऩे में मदद करेगे। कार्यक्रम में प्रो. डी सिंघल, डॉ. रविंद्र दहिया तथा फेडरेशन के सदस्य साहिल मंगला, गगन उप्पल, गुरप्रीत, टिंकू गोयल, विकास, मोहित पंवार, साक्षी, रिधीमा व याशिमा आदि उपस्थित थे।
सोनीपत. गिफ्ट बॉक्स का शुभारंभ करते कुलसचिव आरके अरोड़ा।