- Hindi News
- राज्यसभा की दो में से एक सीट इनेलो को मिलना तय
राज्यसभा की दो में से एक सीट इनेलो को मिलना तय
भास्कर न्यूज - नरवाना
राज्यसभा सीट के लिए इनेलो का उम्मीदवार कौन होगा, इसका फैसला पार्टी प्रमुख ओमप्रकाश चौटाला जेल से करेंगे।
प्रदेश में राज्यसभा सदस्य ईश्वर सिंह और रामप्रकाश का कार्यकाल पूरा होने के बाद इन सीटों के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू हो गई है। विधायकों की संख्या को देखते हुए इनमें से एक सीट इनेलो को मिलना तय है। पार्टी उम्मीदवार का नाम तय करने के उद्देश्य से बुधवार को इनेलो के 26 विधायकों की मीटिंग नरवाना के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई। बैठक के बाद सर्वसम्मति से उम्मीदवार का चयन करने के लिए ओमप्रकाश चौटाला को अधिकृत कर दिया गया। बैठक के बाद इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि आज की मीटिंग की रिपोर्ट ओमप्रकाश चौटाला को दे दी जाएगी।
अभय ने कहा कि बैठक में अगले विधानसभा सत्र को लेकर भी चर्चा की गई। महंगाई, भ्रष्टाचार और नौकरियों में भाई-भतीजावाद को लेकर विधानसभा में सरकार को घेरा जाएगा। उन्होंने कहा कि फौजी के अलावा जिन 9 विधायकों के खिलाफ सीडी जारी की गई थी लोकायुक्त ने उनकी सीडी की जांच करके उनके खिलाफ भी मामले दर्ज कराने चाहिए। उन्होंने कहा कि अब सरकार के पास कहने का कुछ नहीं रहा। नैतिकता के आधार पर मुख्यमंत्री को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
राज्यसभा सीट : २६ विधायकों ने की मीटिंग, फैसला चौटाला करेंगे