- Hindi News
- कमेटी ने बताया हर्ट अटैक से हुई सोनू की मौत, परिजनों ने सिरे से नकारा
कमेटी ने बताया हर्ट अटैक से हुई सोनू की मौत, परिजनों ने सिरे से नकारा
भास्कर न्यूज - रोहतक
मां के लिए रक्तदान करने के बाद जुलाना निवासी सोनू की मौत के मामले में जांच कमेटी ने एक माह बाद परिजनों को जांच में शामिल किया। कमेटी ने बताया कि सोनू की मौत हर्ट अटैक से हुई थी और वह पहले से ही दिल का मरीज था। इस बात को परिजनों ने सिरे से नकार दिया और कहा कि उसे पहले कभी भी दिल संबंधित कोई शिकायत नहीं हुई। जांच कमेटी व परिजनों के बीच चली करीब साढ़े तीन घंटे की बैठक के दौरान कई बार बहसबाजी भी हुई। परिजन जहां कुछ बिंदुओं पर जांच समिति की रिपोर्ट से सहमत नजर आए वहीं, उन्होंने कई बातों पर जमकर आपत्ति भी जताई। पीजीआई के वार्ड 10 में मेडिसन वार्ड-4 के अध्यक्ष डा. एचके अग्रवाल की अध्यक्षता में गठित जांच कमेटी में डीएमएस डा.सुखबीर सिंह, पैथोलॉजी से डा. रजनीश कालड़ा और फोरेंसिक से डा. एस.के धत्तरवाल मौजूद रहे। परिजनों की ओर से मृतक के पिता सतबीर सिंह, चचेरे भाई नरेश अत्री, 12 खाप के प्रधान जोगेंद्र शर्मा, विश्वनाथ शर्मा, जयदेव शर्मा, विजय कुमार और रमेश अत्री समेत परिवार के कई सदस्य उपस्थित रहे। जांच पर परिजनों ने जताई आपत्ति मृतक के पिता सतबीर सिंह व चचेरे भाई नरेश अत्री ने जांच समिति के सामने हर्ट अटैक से मौत की बात कहने पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि वे इस कारण से संतुष्ट नहीं है। अभी तक केमिकल एग्जामिनेशन की रिपोर्ट नहीं आई है। जांच समिति ने रक्तदान के दौरान ब्लड बैंक में भरे फिटनेस फार्म और उस पर हस्ताक्षर न होने पर भी आपत्ति जताई। परिजनों का कहना है कि जिस समय युवक की मौत हुई उस समय किसी ने फार्म तक नहीं दिखाया था, लेकिन जांच करने के दौरान फार्म मिला भी नहीं था। इस पर जांच समिति ने उन्हें अपनी आपत्तियों को लिखित में देने की बात कही तो उन्होंने लिखित में दे दिया। इन बिंदुओं पर सहमत नजर आए परिजन कमेटी ने परिजनों को संबंधित फाइलें दिखाई। जांचकर्ताओं ने उन्हें बताया कि उनके मरीज कृष्णा को रक्त नहीं बल्कि फ्रेश फ्रोजन प्लाजमा की जरूरत थी। इसके अलावा राजेश नाम से जिस लड़के ने रक्तदान किया था, उसका रक्त भी रिकार्ड में ही मौजूद था। इसके साथ ही उनके मरीज के सीआर नंबर को लेकर मतभेद पर भी वे संतुष्ट नजर आए। नरेश अत्री ने बताया कि जांच समिति की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि वे जल्द ही मामले में जांच पूरी कर रिपोर्ट निदेशक को भेज देंगे और उन्हें भी सूचित कर दिया जाएगा।