रोड जाम कर लोगों ने मांगा बिजली-पानी
ञ्चप्रशासन ने बिजली जल्द दिलवाने का आश्वासन देकर खुलवाया जाम
भास्कर न्यूज - नरवाना
बिजली निगम कर्मियों के हड़ताल पर जाने के बाद बिजली की किल्लत से परेशान शहर के पटेल नगर वासियों ने शहर का मुख्य मार्ग, जो रेलवे रोड से बस स्टैंड की ओर जाता है, पर मोटरसाइकिल, बुग्गियां व अन्य अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। जाम लगा रहे गुस्साए लोगों ने कहा कि उन्हें सिर्फ बिजली-पानी चाहिए। अगर कोई भी इस सुविधा में उनके लिए परेशानी पैदा करेगा तो उसका विरोध वह हर प्रकार से करेंगे।
शहर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर लोगों को बिजली सुविधा दिलवाने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। हालांकि इस दौरान करीब एक घंटे तक जाम लगे रहने से राहगीरों को काफी परेशानी का सामाना करना पड़ा।
नहीं आते बिजली वाले
पटेल नगरवासी सुशील, जोगिन्द्र, देवेन्द्र, सरीन, मुकेश, मुकेश, नीलम, मीना, कांता व बिमला आदि ने बताया कि पिछले दो दिन से उनके मोहल्ले में बिजली नहीं आई है। इससे नगरवासियों को परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि सिंगला धर्मशाला के पास अज्ञात लोगों ने बिजली के फ्यूज काट गया है। जब बिजली विभाग के अधिकारियों को इस बात की सूचना देते हैं, तब भी वो कुछ नहीं कर रहे हैं। वह बात टालने को बोलते हैं कि- आप चलिए हम आ रहे हैं। लेकिन कोई कर्मचारी उनकी कॉलोनी नहीं आता है। फोन करने पर अधिकारी कहते हैं कि उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है।
राहगीरों से हुआ झगड़ा
बिजली किल्लत को लेकर जाम लगा लोगों व राहगीरों के बिच काफी तना-तनी की। कुछ लोग जबरदस्ती जाम से निकलना चाहते थे, लेकिन जाम लगा रहे लोगों ने जब उनको रोकना चाहा तो एक-दूसरे के बीच काफी ताना-तानी की। महिलाएं जाम में एक दूसरे का हाथ पकड़कर खड़ी हुईं थीं।