पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • अब जनता सड़क पर उतरी, 127 बिजली कर्मियों का मांगा ट्रांसफर

अब जनता सड़क पर उतरी, 127 बिजली कर्मियों का मांगा ट्रांसफर

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जुलाना
बिजली कर्मचारियों की ओर से लगातार तीन दिन तक की गई हड़ताल और इस दौरान बिजली लाइनों में किए फाल्ट के विरोध में शुक्रवार को कस्बे के युवा संगठन के सदस्य व आम जनता विरोध में उतर आई। इस दौरान शुक्रवार सुबह ही कई लोग बिजली निगम कार्यालय में पहुंच गए और किसी भी कर्मचारी को कार्यालय में नहीं घुसने दिया।
लोगों ने बिजली निगम कार्यालय के मेन गेट को बंद कर बिजली कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी की। दोपहर बाद लोगों ने सीएम के नाम का एक ज्ञापन तहसीलदार दलीप सिंह खर्ब व बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता अतुल पसरीजा को सौंप कर निगम के सभी 127 कर्मचारियों के यहां से तबादले की मांग की। साथ ही चेतावनी भी दी कि यदि एक सप्ताह के अंदर उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो अब जनता इसके खिलाफ आंदोलन शुरू करेगी।
अधिकारी समझाते रहे, अड़े रहे लोग
युवा संगठन के सदस्यों सहित कई लोग तयशुदा कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह नौ बजे से पहले बिजली निगम कार्यालय पहुंचे। लोगों ने इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कुछ कर्मचारियों को कार्यालय से बाहर निकाल दिया।
इसके बाद लोगों ने कार्यालय के मेन गेट को बंद कर किसी भी कर्मचारी को कार्यालय में दाखिल नहीं होने दिया। लोगों का कहना था कि जब उन्होंने उनकी परेशानी को नहीं देखा तो फिर उनके साथ वे सहानुभूति क्यों बरतें। इसके बाद कर्मचारी दिन भर इधर-उधर घूमते। इस दौरान तहसीलदार दलीप सिंह खर्ब व थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने लोगों को समझाने के काफी प्रयास किए, लेकिन लोग बिजली निगम के आला अधिकारियों के मौके पर पहुंचने की मांग पर अड़े रहे।



बिजली कर्मियों से ही कराई जाए नुकसान की भरपाई

दोपहर बाद बिजली निगम के कार्यकारी अभियंता अतुल पसरीजा बिजली निगम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान युवा संगठन के सदस्यों व लोगों ने उनको व तहसीलदार दलीप सिंह खर्ब को ज्ञापन सौंप कर मांग की कि जुलाना डिवीजन में नियुक्त सभी 127 बिजली कर्मचारियों के तबादले किए जाएं। साथ ही हड़ताल के दौरान बिजली कर्मचारियों ने बिजली लाइनों को जो नुकसान पहुंचाया है और जो ट्रांसफार्मर जल रहे हैं, उनकी भरपाई कर्मचारियों से कराई जाए। दोषी कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाएं।

स्कूल के गेट पर ट्रांसफार्मर का तार जोडऩे का भी आरोप

युवा संगठन के सदस्यों ने बिजली निगम के अभियंता को बताया कि गुरुवार को बिजली कर्मचारियों ने बिजली ट्रांसफार्मर से तार लगाकर स्कूल के गेट से जोड़ दिया था। यदि स्कूल बंद न होता तो इस वजह से कई छात्राओं की जान चली जाती। उन्होंने इसकी जांच कराने की मांग की। कार्यकारी अभियंता अतुल पसरीजा ने इस दौरान कहा कि कई अन्य जगहों से भी इस तरह की शिकायतें आ रही हैं। निगम इस संदर्भ में जांच कराएगा।उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि वे उनके मांगें अपनी तरफ से पूरी कर सरकार को भेजेंगे। इन पर सरकार द्वारा अवश्य ही कार्रवाई की जाएगी। इस आश्वासन के बाद ही युवा संगठन के सदस्य व अन्य लोग बिजली निगम कार्यालय से लौटे। इसके बाद ही बिजली कर्मचारी ड्यूटी पर पहुंचे।