रिहर्सल में दिखा देश भक्ति का जज्बा
भास्कर न्यूज - नरवाना
गणतंत्र दिवस पर नवदीप स्टेडियम में होने वाले उपमंडल स्तरीय समारोह को गौरवशाली ढंग से मनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। इस दौरान विभिन्न शिक्षण संस्थाओं के बच्चे देशभक्ति व हरियावणी एवं भारतीय संस्कृति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। शुक्रवार को एसडीएम भाल सिंह बिश्रोई की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस की फाइनल रिहर्सल हुई। इसमें चयनित टीमों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। एसडीएम ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश के मुख्य संसदीय सचिव जलेब खान बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे और ध्वजारोहण करेंगे।
एसडीएम ने बताया कि इस दौरान विभिन्न एनसीसी, एनएसएस और पुलिस की टुकडिय़ां परेड कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देंगी। उन्होंने उपमंडल के स्वतंत्रता सेनानियों, सभी राजनैतिक दलों एवं आमजन गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ आम लोगों से भी अपील की है कि वे गणतंत्र दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व के मौके पर उपमंडल स्तरीय समारोह में अवश्य शामिल हों व प्रस्तुत किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों का लुत्फ उठाएं।
मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण प्रात: 9 बजकर 58 मिनट पर किया जाएगा। इस दौरान डीएसपी पूर्ण चंद पंवार, खंड शिक्षा अधिकारी राजकुमार अहलावत, प्रिंसिपल बलजीत पूनिया सहित कई प्रिंसिपल, सभी टीम इंचार्ज अध्यापक-अघ्यापिकाएं आदि रहे।
इन स्कूलों के बच्चे देंगे प्रस्तुति
कार्यक्रम में हैप्पी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का समूहगान, गोपाल विद्या मन्दिर का एक्शन सांग, अंकुर शिक्षण संस्थान विशेष आवश्यकताओं वाले बच्चों का नृत्य, इंडस पब्लिक स्कूल की कोरियोग्राफी, मोती लाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की सामूहिक कोरियोग्राफी की प्रस्तुति, गुरुकुल विद्यापीठ पाण्डू पिंडारा द्वारा तथा महाराजा अग्रसेन कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा हरियाणवी नृत्य तैयार किया गया है। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं द्वारा राष्ट्रीय गान तैयार किया गया है। महाबीर गुड्डू व उनकी टीम द्वारा भी सांस्कृतिक कार्यक्रम व हरियाणवी चुटकलों का प्रोग्राम दिया जाएगा।