- Hindi News
- बेटियों में पैदा करना होगा आत्मविश्वास : एसपी
बेटियों में पैदा करना होगा आत्मविश्वास : एसपी
ञ्चछात्राओं से असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस को देने का किया आह्वान
भास्कर न्यूज - जींद
बेटियों में आत्मविश्वास पैदा करना होगा। उन्हें हर परिस्थिति का डटकर मुकाबला करने के लिए मजबूत करना होगा। इसलिए आत्मसुरक्षा का प्रशिक्षण भी अहम है। यह बात एसपी बलवान सिंह राणा ने कही।
वह शुक्रवार को राजकीय कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर महात्मा गांधी शिक्षा एवं समाज विकास संगठन द्वारा आयोजित मिशन ‘रक्षक लड़ाई नारी सम्मान’ की कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के अध्यक्ष राजकुमार भोला ने की। इस मौके पर राजकुमार गोयल बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे। कमांडो अनुदेशक प्रमोद ने छात्राओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाए।
बेटी के परिजन उसके पहले शुभचिंतक, फिर शिक्षक
एसपी राणा ने कहा कि आज के समय में नारी सुरक्षा के साथ उसके सम्मान की जरूरत है। समाज में इसके लिए जागृति लानी होगी। महिलाओं के अधिकारों का हनन ना हो इसके लिए महिलाओं के साथ सामाजिक लोगों को आगे आना होगा। कुछ शरारती तत्व ही माहौल बिगाड़ रहे हैं। एसपी ने कहा कि बेटी के पहले शुभचिंतक उसके परिजन हैं। उसके बाद गुरु है। कोई भी छेड़छाड़ या बदसलूकी करता है तो पहले अपने परिजनों को बताएं। वहां बेहतर तरीके से बात नहीं रख पाते तो गुरु को बताएं। अगर कहीं बात नहीं बनती है तो तुरंत ही पुलिस को इसकी सूचना दें।
उन्होंने कहा कि कई बार छोटे सी बात की अनदेखी करने से बड़ी घटना हो जाती है। ऐसे में अपने आसपास हर गैर कानूनी घटना और असामाजिक तत्वों की जानकारी पुलिस और परिजनों को दें। एसपी ने यातायात सुरक्षा के लिए यातायात नियमों की पालना करने का भी आह्वान किया।
इस अवसर पर डीएसपी धर्मबीर सिंह, यातायात प्रभारी जयबीर सिंह, अधिवक्ता सुशीला धनखड़, समाज सेविका लक्ष्मी अहलावत जुलाना, सिटी एसएचओ कमलदीप, डॉ. कवर सेन गोयल, कानूनी सलाहकार दर्शन सिंह ढांडा, प्रमोद मलिक, आजाद पाथरी, सुभाष, जिन्नत, शुभम गिल, सूर्यदेव आर्य सहित अन्य मौजूद रहे।