पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सम्मेलन में बोले आढ़ती: मंडी में लाइसेंस धारक को ही मिले सब्जियां बेचने का अधिकार

सम्मेलन में बोले आढ़ती: मंडी में लाइसेंस धारक को ही मिले सब्जियां बेचने का अधिकार

8 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज - जींद
सरकार ने सब्जी पर मार्केट फीस खत्म कर दी है। सब्जी मंडी आढ़तियों को चिंता सता रही है कि जब मार्केट फीस ही नहीं रही तो उनके लाइसेंस का औचित्य नहीं रहेगा और कोई भी सीधे किसानों से सब्जी लेगा और बेचेगा। इस पर अब प्रदेशभर के सब्जी मंडी आढ़ती एकजुट हुए हैं। शुक्रवार को सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन हरियाणा के आह्वान पर जींद में सब्जी मंडी के सामने एक होटल में राज्य स्तरीय सम्मेलन बुलाया। मांग उठाई कि सब्जी मंडी यार्ड में लाइसेंस धारक को ही सब्जी किसानों से लेने और बेचने का अधिकार मिले। जल्द सरकार इस पर फैसला नहीं लेती तो 31 जनवरी से आढ़ती तीन दिन की हड़ताल शुरू करेंगे। सम्मेलन की अध्यक्षता जींद सब्जी मंडी प्रधान जगत सैनी ने की।
अब सब्जी की हड़ताल की तैयारी : कर्मचारियों की हड़ताल झेल चुकी प्रदेश की जनता को अब सब्जी की हड़ताल झेलनी पड़ सकती है। प्रदेश की सब्जी मंडियों के आढ़ती अब मांग को लेकर सरकार के सामने खड़े हो गए हैं। सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राज ककड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने महंगाई को कम करने के लिए मार्केट फीस खत्म कर दी है। दो साल पहले मार्केट फीस चार प्रतिशत होती थी। बाद में यह दो प्रतिशत हुई और अब बिल्कुल इसे खत्म कर दिया गया है। आढ़ती मार्केट फीस खत्म करने के फैसले का स्वागत करते हैं। लेकिन इसके साथ आढ़तियों की चिंता बढ़ गई है।
आढ़तियों ने सब्जी मंडियों में लाइसेंस लेकर और राशि अदायगी कर दुकानें ली हुई हैं। मार्केट फीस ही नहीं है तो कोई भी सीधे किसान से सब्जी लेगा और कहीं भी बेच देगा। इससे उनके लाइसेंस वेल्यू को खतरा पैदा हो गया है। आढ़तियों ने किसानों को एडवांस में भी खर्च के तौर पर धनराशि दी हुई है। अगर किसान से कोई भी सीधे फसल खरीद करेगा तो उनके मंडी में बैठने का औचित्य नहीं रह जाएगा। अगर सरकार छह दिन में इस मामले में कोई फैसला नहीं लेती तो आढ़ती आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
सम्मेलन में पानीपत से रमेश मलिक, पवन मलिक, जयवीर दादरी ने भी विचार व्यक्त किए।