- Hindi News
- जंतर मंतर पर महाआक्रोश रैली करेंगे गेस्ट टीचर्स
जंतर-मंतर पर महाआक्रोश रैली करेंगे गेस्ट टीचर्स
भास्कर न्यूज. जींद
नियमित होने के लिए अब अतिथि अध्यापक आरपार की लड़ाई लडऩे के लिए अपने आंदोलन को तेज करेंगे। इसके लिए दिल्ली के जंतर-मंतर पर 8 फरवरी को महाआक्रोश रैली होगी और 9 फरवरी से वहीं पर आमरण अनशन शुरू कर दिया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को जाट धर्मशाला में हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ की राज्य कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया।
संघ संयोजक राजेंद्र शास्त्री ने कहा कि अब अतिथि अध्यापक अपने हक के लिए अंतिम लड़ाई के मूड में हैं। शास्त्री ने कहा कि 14 जनवरी को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से प्रदेश के अतिथि अध्यापकों की कार्यकारिणी ने मुलाकात की थी। राहुल गांधी ने आश्वासन दिया था कि अतिथि अध्यापकों को नियमित करा दिया जाएगा, लेकिन सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मामला कोर्ट में लंबित होने की बात कहते हुए गुमराह कर दिया। इसके विरोध में महाआक्रोश रैली व आमरण अनशन किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से सभी अतिथि अध्यापक बढ़-चढ़कर भाग लेंगे। इस मौके पर जिला जींद के प्रधान रणधीर मोर, कृष्ण धारसूल फतेहाबाद, सुखविंद्र कैथल, सुभाष रावेश, जितेंद्र थिलोड़, पारस शर्मा मेवात, दिलबाग सिंह, धर्मेंद्र व सेवासिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
जींद में अतिथि अध्यापक बैठक के दौरान सरकार विरोधी नारे लगाते हुए।
जींद में राज्यस्तरीय बैठक में फैसला, 8 फरवरी को दिल्ली में गरजेंगे, 9 से शुरू होगा आमरण अनशन