- Hindi News
- जींद से पीछा करते हुए गो भक्तों ने जुलाना में मुक्त कराए 25 बैल
जींद से पीछा करते हुए गो भक्तों ने जुलाना में मुक्त कराए 25 बैल
जुलाना - कस्बे के पुराने बस स्टैंड के पास सोमवार देर रात ट्रक में सवार गो तस्करों व उनका पीछा कर रहे गो भक्तों के बीच टकराव हो गया। इस दौरान दोनों ओर से जमकर पत्थरबाजी हुई। इसमें ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक में लदे 25 बैलों को छुड़वाकर उन्हें गोशाला पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेने के बाद एक को नामजद कर तीन अन्य के खिलाफ गोकशी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जींद में कुछ गो भक्तों को सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि पंजाब से गायों से भरे एक ट्रक को गोकशी के लिए यूपी में ले जाया जा रहा है। इसके बाद गो भक्तों ने वहीं से ट्रक का पीछा करना शुरू किया। कस्बे के पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचते ही गो भक्तों ने ट्रक को घेर लिया और इसके बाद दोनों ओर से जमकर पत्थर चले। इसमें ट्रक चालक यूपी के जिला मुज्जफरनगर निवासी मोहम्मद अकील घायल हो गया, जबकि ट्रक सवार अन्य तीन मौके से फरार हो गए। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक कब्जे में ले लिया और मोहम्मद अकील को सामान्य अस्पताल जींद में दाखिल कराया।